रायगढ़। नकली शराब बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करने के बाद पुलिस ने मुख्य फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति को नकद पुरस्कार दिया जाएगा और उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
मुख्य आरोपी विनय सिंह ठाकुर, निवासी विकास नगर गली नंबर-3, कोतरारोड, 8 जून से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार है। 17 जून को पुलिस टीम उसके घर पहुंची, लेकिन मकान बंद मिला। आसपास के लोगों ने बताया कि आरोपी और उसके रिश्तेदार कई दिनों से घर पर नहीं हैं। पुलिस ने नियमानुसार आरोपी के मकान पर दो स्थानों पर नोटिस चस्पा कर तीन दिनों के भीतर थाना कोतरारोड में उपस्थित होने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद आरोपी थाने में पेश नहीं हुआ। ऐसे में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतरारोड थाना प्रभारी शील आदित्य ने कार्यपालिक दंडाधिकारी और जिला पंजीयक रायगढ़ को पत्र भेजकर आरोपी की चल-अचल संपत्तियों की जानकारी मांगी है। संपत्तियों का ब्यौरा मिलने के बाद न्यायालय में कुर्की की कार्रवाई के लिए आवेदन पेश किया जाएगा। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र के माध्यम से उसकी तलाश की जा रही है।
कोतरारोड थाना क्षेत्र के ग्राम धनागर में 8 जून की रात पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने नकली शराब बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया था। कार्रवाई के दौरान 869 नग अलग-अलग पैमानों की करीब 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट के ड्रम, फर्जी लेबल, नकली होलोग्राम, ढक्कन और शराब निर्माण व पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई थी। मामले में मुख्य आरोपी दुष्यंत उर्फ पप्पू पटेल को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने अपने भाई सुभाष पटेल और विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर लंबे समय से इस अवैध कारोबार को संचालित करने की बात स्वीकार की थी। पुलिस ने 10 जून को फरार आरोपी सुभाष पटेल को उसके फार्म हाउस से गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि गिरोह फार्म हाउस में बड़ी मात्रा में शराब का भंडारण करता था और उसमें स्प्रिट मिलाकर मात्रा बढ़ाता था। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि शराब का रंग फीका पडऩे पर उसमें चायपत्ती का रंग मिलाया जाता था, ताकि वह असली शराब जैसी दिखाई दे। इसके बाद फर्जी होलोग्राम और नकली लेबल लगाकर विभिन्न क्षेत्रों में कोचियों के माध्यम से उसकी बिक्री की जाती थी।
नकली-शराब : फरार आरोपी पर 10 हजार का इनाम
नोटिस के बावजूद नहीं हुआ पेश, संपत्ति कुर्की की भी तैयारी शुरू



