रायगढ़, 20 जून 2026/ प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर, जिला-हुगली से आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान जारी की गई। इस अवसर पर देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। प्रत्येक पात्र किसान के खाते में 2 हजार रुपए की राशि भेजी गई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने संबोधन में किसानों से प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, जल संरक्षण, फसल विविधीकरण तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाने के लिए तकनीक आधारित और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाना आवश्यक है।
रायगढ़ स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इस अवसर पर लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर श्री जीवर्धन चौहान तथा सभापति श्री डिग्रीलाल साहू भी उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में किसान एवं कृषक महिलाएं भी शामिल हुईं। किसानों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और योजना के अंतर्गत प्राप्त आर्थिक सहायता पर प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार किसानों के हित में नई योजनाएं लागू कर रही है, जिसका सीधा लाभ ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को मिल रहा है। सांसद ने किसानों से अपील की कि वे आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें। महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि पीएम-किसान योजना ने किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि किसानों को प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर अपनी आय बढ़ाने की दिशा में आगे बढऩा चाहिए। महापौर ने किसानों से शासन की अन्य कृषि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की भी अपील की।
कृषि वैज्ञानिकों ने दी तकनीकी जानकारी
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र रायगढ़ के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ.बी.एस.राजपूत, उपसंचालक कृषि श्री अनिल वर्मा सहित सभी वैज्ञानिक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान किसानों को प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य, जल संरक्षण और आधुनिक कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ किया गया। पूरे आयोजन के दौरान किसानों में विशेष उत्साह देखा गया और उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
पीएम-किसान योजना की 23वीं किस्त जारी, जिले के किसानों में उत्साह
कृषि विज्ञान केंद्र रायगढ़ में हुआ सीधा प्रसारण, किसानों ने देखा कार्यक्रम सांसद श्री राठिया ने पीएम-किसान योजना को बताया ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाली ऐतिहासिक पहल



