रायगढ़। शहर के स्टेडियम में खिलाडिय़ों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। करीब 11.5 करोड़ रुपए की लागत से सिंथेटिक ट्रैक, 50 मीटर का स्विमिंग पूल और अन्य खेल सुविधाएं तैयार की जा रही हैं। काम पूरा होने के बाद खिलाडिय़ों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर व्यवस्था मिलेगी।
स्टेडियम में एथलेटिक्स के लिए सिंथेटिक ट्रैक बनाया जा रहा है। इस ट्रैक पर दौडऩे से खिलाडिय़ों के घुटनों और जोड़ों पर कम दबाव पड़ता है। साथ ही बारिश और अन्य मौसम में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। राज्य और राष्ट्रीय स्तर की अधिकांश प्रतियोगिताएं ऐसे ही ट्रैक पर होती हैं। अभी स्टेडियम में 25 मीटर का स्विमिंग पूल है। अब यहां 50 मीटर का नया पूल तैयार किया जा रहा है। इसके बनने के बाद राज्य और राष्ट्रीय स्तर की तैराकी प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जा सकेंगी। पुराने पूल को भी बेहतर बनाया जाएगा। स्टेडियम में तीरंदाजी के लिए अलग मैदान तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा स्केटिंग और रोलबॉल के लिए भी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। खिलाडिय़ों की जरूरत के हिसाब से अन्य छोटे-बड़े काम भी किए जा रहे हैं।
सितंबर से चल रहा है काम
स्टेडियम में निर्माण कार्य सितंबर माह से शुरू हुआ था। वर्तमान में सिंथेटिक ट्रैक, स्विमिंग पूल और अन्य खेल सुविधाओं का काम तेजी से जारी है। जिससे खिलाडिय़ों को जल्द से जल्द आधुनिक खेल परिसर उपलब्ध कराया जा सके। नगर निगम आयुक्त एवं स्टेडियम समिति के सचिव बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि सभी काम पूरे होने में करीब 6 महीने और लग सकते हैं। उन्होंने कहा कि सुविधाएं शुरू होने के बाद खिलाडिय़ों को इसका सीधा फायदा मिलेगा। इस मामले में स्टेडियम प्रभारी जीवन नायक ने बताया कि, 25 मीटर का पूल होने के कारण अब तक बड़ी तैराकी प्रतियोगिताएं नहीं हो पाती थीं। 50 मीटर का पूल बनने और सिंथेटिक ट्रैक तैयार होने के बाद रायगढ़ में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित कराना आसान हो जाएगा। इससे जिले के खिलाडिय़ों को भी बेहतर अवसर मिलेंगे।



