जशपुर। कांसाबेल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत तिलंगा के बाबा पारा में पिछले एक सप्ताह से 25 केवी का ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बिजली आपूर्ति ठप होने से पूरे मोहल्ले में अंधेरे का माहौल बना हुआ था। ग्रामीणों ने अपनी समस्या जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय के समक्ष रखी, जिस पर उन्होंने तत्परता दिखाते हुए तत्काल बिजली विभाग के अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा की।
जिला पंचायत अध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद बिजली विभाग हरकत में आया और अधिकारियों-कर्मचारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खराब ट्रांसफार्मर को बदलकर नया 25 केवी ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया। ट्रांसफार्मर लगने के साथ ही बाबा पारा में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई और ग्रामीणों को सप्ताहभर के अंधेरे से राहत मिली। बिजली व्यवस्था सुचारू होने पर क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने उनकी समस्या के त्वरित समाधान के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। वहीं श्री साय ने भी बिजली विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संवेदनशीलता के साथ शीघ्र कार्रवाई करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधि की सक्रियता और विभागीय तत्परता के कारण उनकी समस्या का समय पर समाधान हो सका। उक्त जानकारी भूषण वैष्णव द्वारा प्रदान की गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय के पहल से ठप्प बिजली आपूर्ति हुई बहाल, गॉव मे छाया उजियारा



