रायगढ़। पूर्वांचल में आज सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दरअसल, कोयले से लदा एक ट्रक संबलपुरी में इस कदर बेकाबू हुआ कि सरकारी स्कूल के मेनगेट को तोड़ते हुए भीतर दाखिल हुआ और पेड़ से टकरा कर पलट गया। गनीमत रही कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय स्कूल खुला नहीं था और कोई जनहानि नहीं हो पाई वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
रायगढ़ जिले के पूर्वांचल स्थित ग्राम सम्बलपुरी में गुरुवार तडक़े करीब 6 बजे उस समय हडक़म्प मच गया, जब कोयला परिवहन के दौरान ट्रक ( क्रमांक-ओडी 16 बी 9985) शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से लगे सडक़ से गुजरने के दौरान मुख्य द्वार को ध्वस्त करते हुए पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो ट्रक की रफ्तार अपेक्षाकृत तेज होने के कारण चालक स्टेयरिंग सम्हाल नहीं पाया और स्कूल के मेनगेट को तोड़ते हुए पेड़ से टकराकर पलट गया।
ऐसा नहीं है कि सम्बलपुरी स्कूल में यह पहला हादसा है, बल्कि इसके पहले भी ऐसा हो चुका है। चूंकि, सम्बलपुरी रोड में कोयला परिवहन के लिए भारी वाहनों की आवाजाही होती है, इसलिए उद्योगों में माल खपाने के चक्कर में इसके पूर्व भी एक ट्रक सम्बलपुरी स्कूल के मेनगेट को ध्वस्त करते हुए वहां एक बेगुनाह शख्स की बलि भी ले चुका है। यही वजह है कि स्कूल मोड़ के समीप एक्सीडेंट होने से शाला प्रबंधन से लेकर सरपंच ने भी नजदीकी चक्रधर नगर थाने में तदाशय की सूचना देते हुए सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
स्कूल के मेन गेट को तोडक़र कोयले से लदा ट्रक पलटा
सम्बलपुरी के विद्यालय में फिर हुआ हादसा, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल



