रायगढ़। शहर के छातामुड़ा बाईपास रोड पर शनिवार सुबह करीब 11 बजे एक कबाड़ी गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई और देखते ही देखते आग ने भयावह रूप धारण कर लिया और पास में स्थित हीरो शो-रूम को भी अपनी चपेट में लिया, इससे आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गई। साथ ही इसकी सूचना मिलते ही जूटमिल पुलिस व दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग को काबू पाने में जुटी रही, लेकिन देर शाम तक आग जलता रहा। इस आगजनी में दर्जनों बाइको के जलने की बात कही जा रही है, हालांकि अभी तक आग किन कारणों से लगी और कितने का नुकसान हुआ इसका आकलन नहीं हो पाया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार जूटमिल थाना क्षेत्र के छातामुड़ा स्थित बाइपास के किनारे स्थित नगमा प्लांस्टिक कबाड़ गोदाम है। सुबह में दुकान संचालक ने दुकान खोल कर काम कर ही रहा था, कि करीब 11 बजे अचानक उसमें आग लग गई। जिसकी जानकारी होते ही दुकान संचालक ने पहले तो अपने कर्मचारियों के साथ आग पर काबू पाने के लिए खुद से बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तेज गर्मी व हवा होने के कारण आग बुझने की बजाय लगातार बढऩे लगी और कुछ ही देर में भयावह रूप धारण कर लिया। वहीं इस आगजनी से निकल रहे काला धूंआ को देख आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे बुझाने की जुगत में लग गए, साथ ही इसकी सूचना जूटमिल पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने में जुट गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि कबाड़ी गोदाम से पहले अचानक धुआं उठना शुरू हुआ, जिसके कुछ ही समय बाद आग ने तीव्र रूप ले लिया और तेजी से फैलने लगी। गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील कबाड़ सामग्री रखे होने के कारण आग को बुझाना और भी चुनौतीपूर्ण हो गया। शुरूआत में आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उनके प्रयास असफल रहे। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछारें कर आग को नियंत्रित करने का प्रयास करते रहे, लेकिन आग की लपटे रूक-रूक कर तेज हो जा रही थी, जिसे देख आसपास प्लांटों से भी दमकल मंगाई गई ताकि आग इससे आगे न बढ़े, लेकिन कुछ ही देर में आग इतनी तेज हुई कि पास में स्थित अदित्य हीरो शो-रूम को अपनी चपेट में ले लिया। जिसे देख वहां के कर्मचारियों ने आनन-फानन में शो- रूम से गाडिय़ों को निकालकर दूसरे जगह सुरक्षित स्थान पर पार्क करने लगे, लेकिन इनका प्रयास भी असफल रहा।
कचरा से आग फैलने की आशंका
मौके पर मौजूद लोगों की मानें तो कबाड़ दुकान के बाहर में किसी ने कचरे में आग लगाई थी, लेकिन जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और तेज हवा के चलते आग कबाड़ गोदाम तक पहुंच गया, जहां पहले से रखे प्लास्टिक आईटम में आग पकडऩे के कारण भयावह रूप धारण कर लिया। जो लाख प्रयास के बाद भी आग कम होने की बजाय पास में स्थित हीरो शो-रूम को भी अपनी चपेट में लिया। हालांकि कुछ ही देर बाद शो-रूम की आग तो बुझ गई, लेकिन कबाड़ गोदाम में देर शाम तक आग जलता रहा और दमकल विभाग की टीम बुझाने में लगी रही।
बाइक भी आई चपेट में
हीरो शो-रूम तक आग पहुचने के पहले कर्मचारियों ने काफी संख्या में बाइकों को दूसरे जगह शिफ्ट कर दिया था, लेकिन उसके बाद भी कई बाइक आग के चपेट में आ गई। हालांकि देर शाम तक आग नहीं बुझने के कारण अभी तक यह क्लियर नहीं हो पाया कि कितनी बाइकें जली है, लेकिन यह बताया जा रहा है कि इस आगजनी में करीब 40-50 बाइक जली है। ऐसे में अब जांच के बाद ही पता चलेगा कि आग किन कारणों से लगी और कितने का नुकसान हुआ है।
देर रात तक धधकते रही आग

उल्लेखनीय है कि कबाड़ गोदाम में दोपहर में आग लगी थी, तब से लगातार आठ दमकल आग को बुझाने में लगी थी, लेकिन इसके बाद भी बुझने का नाम नहीं ले रहा था। ऐसे में देर रात तक स्थिति जस की तस बनी रही। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दमकल से जैसे ही एक तरफ से आग बुझने को हो रहा था, तब तक उसका पानी खत्म हो जा रहा था। इससे जब तक पानी लेकर पहुंचता तब तक आग फिर से तेज हो जा रही थी। ऐसे में काफी मशक्कत के बाद भी देर रात तक स्थिति भयावह बनी रही।
आठ दमकल रही मौजूद
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि जैसे ही आग लगने की सूचना मिली, उसके तुरंत बाद ही पुलिस बल और दमकल की विभाग की गाडिय़ां पहुंच गई थी, जो आठ दमकल पूरे दिन आग को काबू करनें में लगी रही। साथ ही प्लास्टिक होने के कारण आग को बुझानें में काफी मशक्कत करना पड़ा।
जान-बुझकर आग लगाने की आशंका

कबाड़ गोदाम के मालिक मोहम्मद आरिफ ने आशंका जताई है कि यह आग किसी ने जानबूझकर लगाई हो सकती है। उनका कहना है कि गोदाम में ज्यादातर कागज और प्लास्टिक का सामान रखा हुआ था। उन्होंने यह भी कहा कि अगर आग लगते ही फायर ब्रिगेड की 7-8 गाडिय़ां एक साथ मौके पर पहुंच जातीं, तो आधे घंटे के अंदर ही आग पर काबू पा लिया जाता।
क्या कहते हैं तहसीलदार

तहसीलदार शिव डनसेना ने कहा, फायर ब्रिगेड की टीम आग को बुझाने का काम कर रही है। इस आगजनी में कितना नुकसान हुआ है, जांच के बाद ही यह पता चल पाएगा। आग लगते ही बगल में बाइक शोरूम में गाडिय़ों को बाहर निकाल लिया गया था। जिला कमांडेट ब्लासियूज कुजूर ने बताया कि आग को पूरी तरह काबू में लाने के लिए नगर सेना, उद्योग, सारंगढ़ जिला और कोरबा की लगभग 12 से 13 फायर फ्रिगेड गाड़ी लगी है। आग अभी पूरी तरह नहीं बुझ सकी है। कबाड़ प्लास्टिक होने के कारण समय लग रहा है। आग को पूरी तरह बुझाने के लिए टीम लगी हुई है।
नेशनल हाईवे रहा जाम
रायगढ़-रायपुर मार्ग के इस नेशनल हाईवे पर स्थित कबाड़ी गोदाम में लगी आग से भारी अफरा-तफरी मच गई है। भीड़ जुटने से सडक़ जाम हो गया है। आग बुझाने की मशक्कत के लिए सडक़ पर पुलिस बल लगाया गया है और आसपास के लोगों को भी वहां से दूर करने के लिए टीम लगी हुई है। बढ़ती आग बुझाने की तमाम कोशिश असफल साबित हो रही है।



