रायगढ़। जिले में अवैध शराब बिक्री की शिकायत पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। युवक ने कार्रवाई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी पोस्ट कर दी और बाद में शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंच गया। यहां पुलिस अधिकारियों ने उसे नियमों की जानकारी देते हुए कड़ी समझाइश दी। इसके बाद युवक ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। मामला छाल थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक छाल पुलिस को महाराणा प्रताप चौक के पास रहने वाली एक महिला के खिलाफ चखना दुकान और घर में अवैध शराब बिक्री किए जाने की लिखित शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर पुलिस टीम सुबह गवाहों के साथ महिला के घर पहुंची और नियमानुसार जांच और कार्रवाई शुरू की।
इस कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद सूरज कमलवंशी नामक युवक पुलिस टीम से सर्च वारंट की मांग करने लगा और लगातार कार्रवाई में हस्तक्षेप करता रहा। बताया जा रहा है कि युवक पूरे समय पुलिस कार्रवाई का वीडियो बनाता रहा और सोशल मीडिया पर पुलिस की छवि खराब करने की बात कहता रहा।
सोशल मीडिया पर डाली भ्रामक पोस्ट
पुलिस कार्रवाई के बाद युवक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो पोस्ट करते हुए भ्रामक जानकारी साझा कर दी। इसके बाद वह शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंच गया। एसपी कार्यालय में अधिकारियों ने युवक को स्पष्ट किया कि वैधानिक परिस्थितियों और शिकायत मिलने पर पुलिस नियमों का पालन करते हुए बिना सर्च वारंट के भी अवैध शराब के मामलों में रेड कार्रवाई कर सकती है।
गलत जानकारी फैलाना अपराध
पुलिस अधिकारियों ने युवक को समझाया कि पुलिस कार्रवाई में बाधा डालना और सोशल मीडिया पर गलत या भ्रामक जानकारी फैलाना दंडनीय अपराध है। समझाइश के बाद युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए बताया कि उसने फिल्मों में ऐसे दृश्य देखकर पुलिस से सर्च वारंट मांगने जैसी बात की थी। युवक ने अपनी विवादित सोशल मीडिया पोस्ट हटाने और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने की बात कही। फिलहाल मामले में छाल पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।



