रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे के बीच कांग्रेस ने उनसे मिलने का समय मांगा है। कांग्रेस विधायकों के साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष भी गृहमंत्री से मुलाकात करना चाहते हैं। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री मलकित सिंह गेंदू ने कहा कि कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल अमित शाह से मिलकर छत्तीसगढ़ और खासतौर पर बस्तर के विकास को लेकर चर्चा करना चाहता है। पार्टी बस्तर के जंगल, आदिवासियों के अधिकार और विकास से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात गृहमंत्री के सामने रखेगी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 17, 18 और 19 मई तक छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। रविवार रात वे रायपुर पहुंचे, जहां एयरपोर्ट से सीधे मेफेयर रिसॉर्ट रवाना हुए। दौरे के दौरान वे रायपुर और बस्तर संभाग में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
जानकारी के मुताबिक अमित शाह सोमवार को नेतानार गए। वहां अमरवाटिका में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन किया और डायल-112 सेवा के 400 वाहनों को रवाना किया। इसके अगले दिन जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक होगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री समेत चार राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री भी बैठक में हिस्सा लेंगे। 3 दिन के दौरे में अमित शाह का फोकस बस्तर की सुरक्षा व्यवस्था, विकास कार्यों की समीक्षा और जनसुविधाओं के विस्तार पर रहेगा। डायल-112 सेवा के विस्तार, जन सुविधा केंद्र के उद्घाटन, फॉरेंसिक यूनिट्स और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि जैसे कार्यक्रमों के जरिए सुरक्षा और विकास के बीच संतुलन बनाने की कोशिश नजर आई।
कांग्रेस विधायकों ने अमित शाह से मिलने का मांगा समय
प्रदेश अध्यक्ष बैज और जिलाध्यक्ष भी करना चाहते हैं मुलाकात



