रायगढ़। जिला जेल में एक विचाराधीन बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तमनार थाना क्षेत्र के कठरापाली निवासी सुरेश रात्रे (38) को 30 अप्रैल को शराब बिक्री के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था। बताया जा रहा है कि तबीयत बिगडऩे पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि जब वे मुलाकात के लिए पहुंचे, तो पहले बताया गया कि सुरेश का इलाज चल रहा है, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उसका शव मर्चुरी में मिला। इससे परिवार ने आशंका जताई है कि उसकी मौत जेल के अंदर ही हो गई थी। घटना को लेकर परिजन और भीम आर्मी भारत एकता मिशन के सदस्य आक्रोशित हैं।
परिजनों ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जेल परिसर के सीसीटीवी फुटेज की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं भीम आर्मी ने चेतावनी दी है कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
जेल में बंदी की संदिग्ध मौत, शराब बेचने पर हुई थी गिरफ्तारी
भीम आर्मी और परिजनों ने एसपी से की उच्चस्तरीय जांच की मांग



