रायगढ़। नगर निगम क्षेत्र में चल रहे सुशासन तिहार के तहत वार्डों में लगाए जा रहे शिविरों का विरोध शुरू हो गया है। मंगलवार को विनोबा नगर (बोइरदादर) में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिविर स्थल पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और पिछले शिविरों की पावती जलाकर प्रदर्शन किया।
कांग्रेस का आरोप है कि पहले दिए गए आवेदनों का अब तक निराकरण नहीं हुआ है। विनोबा नगर के सामुदायिक भवन में जनसमस्या निवारण शिविर लगाया गया था। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और शिविर का विरोध किया। कांग्रेसियों का कहना है कि, पिछले शिविरों में लोगों से आवेदन लिए गए, लेकिन उनका समाधान नहीं हुआ। ऐसे में दोबारा शिविर लगाना सिर्फ औपचारिकता है। इसी को लेकर कार्यकर्ताओं ने पुराने आवेदनों की पावती जलाकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें लंबित मांगों के जल्द निराकरण की मांग की गई।
योजनाओं का लाभ नहीं मिलने का आरोप
ज्ञापन में कहा गया कि कई सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच रहा है, जिनमें- आयुष्मान कार्ड योजना, महतारी वंदना योजना, वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन, आवास और पट्टा वितरण आदि शामिल है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि जब पुराने आवेदनों का ही निराकरण नहीं हुआ, तो सुशासन तिहार का कोई औचित्य नहीं रह जाता। उन्होंने कहा कि लोगों को योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल रहा, इसलिए विरोध किया गया।
कांग्रेस ने सुशासन तिहार का जताया विरोध
पिछले बार की पावतियों को जलाया, अध्यक्ष बोले- समाधान नहीं, सिर्फ दिखावा



