रायगढ़। घरघोड़ा तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुडुमकेला में एक संवेदनशील और सराहनीय प्रशासनिक पहल देखने को मिली, जहां एसडीएम दुर्गा प्रसाद ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए मृतक के परिजन को उनका हक दिलाया।
दरअसल, कुडुमकेला निवासी युवक लक्ष्मी चौहान ने अपनी मां के निधन के बाद बैंक से भुगतान नहीं मिलने से परेशान होकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था। वीडियो के वायरल होते ही घरघोड़ा एसडीएम दुर्गा प्रसाद ने तत्काल मामले में संज्ञान में लिया। उन्होंने बिना देरी किए, रविवार की छुट्टी के दिन ही सक्रियता दिखाते हुए संबंधित ग्रामीण बैंक के प्रबंधक को तत्काल नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका श्रीमती तीहारीन चौहान के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राशि उनके बैंक खाते में जमा हुई थी। लेकिन उनके निधन के बाद बैंक द्वारा नामिनी को भुगतान नहीं किया जा रहा था, जिससे परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान था।
घरघोड़ा एसडीएम दुर्गा प्रसाद की पहल पर 4 मई को छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक शाखा कुडुमकेला में दावा प्रकरण जमा किया गया और त्वरित निराकरण करते हुए नामिनी सोनसाय चौहान को 44,195 रुपये की सेटलमेंट राशि का चेक प्रदान किया गया।
इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से प्रभावित होकर हितग्राही परिवार ने एसडीएम के प्रति आभार व्यक्त किया। क्षेत्र में इस पहल की व्यापक सराहना हो रही है, और यह उदाहरण प्रशासन की जिम्मेदारी और मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाता है।
मृतक के बेटे की गुहार पर मिला तुरंत न्याय, एक्शन में दिखे एसडीएम दुर्गा प्रसाद अधिकारी
एसडीएम ने मृतक के परिजन को दिलाया हक, छुट्टी के दिन भी दिखाई तत्परता



