रायगढ़। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 21 लाख रुपए का स्क्रैप जब्त किया है। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में 4 ट्रकों से कबाड़ का अवैध परिवहन करते पकड़ा गया, जबकि एक ट्रक लावारिस हालत में मिला। कुल 89.28 टन कबाड़ जब्त कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को मुखबिर से अवैध कबाड़ परिवहन की सूचना मिली थी। डीएसपी सुशांतो बनर्जी के सुपरविजन में टीम ने अग्रोहा प्लांट के पास जांच की, जहां ट्रक ड्राइवर नीरज कुमार (औरंगाबाद) के पास से 25 टन 510 किलो कबाड़ मिला। पूछताछ में वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
इसके बाद तमनार चौक के पास ट्रक ड्राइवर अबताब खान (सरगुजा) से 24 टन 200 किलो कबाड़ जब्त किया गया। महालक्ष्मी काटिंग प्रा. लि. के पास एमडी अलीम (पलामू, झारखंड) के ट्रक से 4 टन 950 किलो स्क्रैप मिला। वहीं गेरवानी सलासर चौक पर सुभाष शर्मा (बरगढ़) के ट्रक से 11 टन कबाड़ जब्त किया गया। इन सभी मामलों में कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।
लावारिस ट्रक से 23 टन कबाड़ बरामद
गेरवानी सलासर चौक के पास ही एक ट्रक लावारिस हालत में खड़ा मिला, जिसमें 23 टन 620 किलो कबाड़ लोड था। मौके पर चालक और वाहन मालिक का पता नहीं चल सका, जिसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर वाहन जब्त कर लिया।
कुल 89 टन कबाड़ जब्त, आगे की जांच जारी
पुलिस ने सभी मामलों में कुल 89.28 टन अवैध कबाड़ जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 21 लाख रुपए आंकी गई है। लावारिस वाहन पर धारा 106 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब वाहन मालिकों और कबाड़ के स्रोत की जांच में जुटी है।



