रायगढ़। जिले में दो मोटर सायकल की डिक्की तोडक़र 90 हजार रूपये चोरी का मामला सामने आया है। पीडि़तों की शिकायत के बाद पुलिस अज्ञात आरोपियों की पतासाजी में जुट गई है। दोनों मामला अलग-अलग थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार शिव कुमार सिदार निवासी बिरसिंघा ने लैलंूगा थाने में रिपोर्ट लिखाते हुए बताया है कि कल दोपहर वह स्टेट बैंक लैलूंगा से 50 हजार रूपये निकालकर नगदी रकम बाईक में डिक्की में रखकर वापस अपने गांव लौट रहा था। पीडि़त ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे बस स्टैण्ड चौक के पास बाईक को साईड में खड़ी करके पानी पीने गया था। इसी दौरान अज्ञात शख्स ने डिक्की तोडक़र नगदी रकम 50 हजार रूपये समेत बैंक पासबुक लेकर फरार हो गया। काफी पतासाजी करने के बावजूद नगदी रकम और पासबुक के नही मिलने पर पीडित थाना पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
इसी तरह की दूसरी घटना में साधराम राठिया निवासी कंचनपुर सलिहाभांठा ने घरघोड़ा थाने में रिपोर्ट लिखाते हुए बताया है कि 7 अपै्रल को बैंक के काम के अलावा कृषि खाद खरीदने के लिये घरघोड़ा गया हुआ था। दोपहर करीब 3 बजे पंजाब नेशनल बैंक से 40 हजार रूपये निकालकर नगदी रकम और पासबुक को मोटर सायकल की डिक्की में रखकर शासकीय कन्या हाई स्कूल के सामने स्थित पटेल कृषि केन्द्र गया था। जहां से शाम 4 बजे जब वह वापस अपनी बाईक के पास पहुंचा तो देखा कि बाईक की डिक्की खुली हुई थी और उसमें रखा नगदी रकम और पासबुक गायब मिला। अज्ञात चोर के द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया जा चुका था।
बहरहाल दोनों ही मामलों में पीडि़तों की शिकायत के बाद पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज करते हुए आरोपियों तक पहुंचने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
दो बाईक की डिक्की तोडक़र 90 हजार की उठागिरी, अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो वारदात
अज्ञात बदमाशों की पतासाजी में जुटी पुलिस



