रायगढ़। डायल-112 के ड्राइवर के साथ युवकों ने मारपीट की है। मुखबिरी के शक में युवकों ने उसे सुनसान जगह ले जाकर पिटाई की, फिर चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य फरार हैं।
दरअसल, सराईभद्दर निवासी मुकेश नायक (26) ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि, वह डायल-112 वाहन का ड्राइवर है। 3 अप्रैल की रात करीब 8.30 बजे वह कोतरा रोड बायपास स्थित शराब भ_ी के पास गया था। इसी दौरान काले रंग की बुलेट पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे, उसे ‘पुलिस का मुखबिर’ बताते हुए जबरन अपने साथ सुनसान जगह ले गए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मुकेश के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद धारदार हथियार से उसकी कमर के पास वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मुकेश के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान रामभांठा निवासी जितेंद्र कुमार टंडन (30) का नाम सामने आया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के सामने पहचान परेड में पीडि़त ने आरोपी की पहचान की। पूछताछ में जितेंद्र टंडन ने अपने दो साथियों के साथ वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।
मुखबिरी की शक पर डायल 112 के चालक की पिटाई
सुनसान जगह पर ले जाकर तीन युवकों ने मारा चाकू



