रायगढ़। बीती रात एक ट्रेलर चालक ने शहर में प्रवेश करते हुए सोनापारा की सकरी गली में घुस गया था और सडक़ किनारे कुछ दोपहिया वाहनों को भी ठोकर मार दिया, साथ ही जब वाहन गली में फंस गया और लोग शोर मचाने लगे तो चालक ने मौके से फरार हो गया। ऐसे में पुलिस मौके पर पहुंच कर वाहन को बाहर निकाला तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
उल्लेखनीय है कि विगत कुछ माह से रात होते ही शहर की सडक़ों में भरी वाहनों की आवा-जाही शुरू हो जा रही है। इससे कुछ वाहन तो चक्रधरनगर, बेलादुला होते हुए निकल जा रही है, लेकिन कुछ वाहन गुगल मैप के चलते शहर के गलियों में घुस जा रही है। जिससे वाहनों को फंस जाने से रहवासियों को काफी दिक्कत हो रही है। इसके बाद भी इन वाहन चालकों पर कोई ठोस पहल होता नजर नहीं आ रहा है। वहीं बीती रात करीब शहर के सोनार पारा में एक 18 चक्का ट्रेलर घुस आया, लेकिन जब आगे जाकर उसे निकलने की जगह नहीं मिली तो बैक कर निकालने के चक्कर में कुछ दो पहिया वाहनों को ठोकर मार दिया तो लोगों के घरों के सामने बने चबुतरे को भी तोड़ दिया। इसकी आवाज सुनते ही मोहल्लेवासी घर से बाहर निकल कर जब शोर मचाना शुरू किया तो वाहन चालक ने ट्रेलर को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। इससे मोहल्लेवासियों ने तत्काल इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दिया, जिससे थाना प्रभारी अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराते हुए वाहन को गली से बाहर निकलवाया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
कई वाहन हुए क्षतिग्रस्त
इस संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि देर रात जब ट्रेलर गली में घुसा तो सडक़ किनारे कई वाहनों को ठोकर मार दिया, जिससे वाहन इधर-उधर बिखर गए, साथ ही लोगों द्वारा अपने घरों के सामने बनाए गए चबुतरों को भी नुकसान पहुंचा दिया। वहंीं जब वाहन की टक्टर से बहुतरे टूटने की आवाज आई तो लोग अपने घरों से बाहर निकले और शोर मचाने लगे, ऐसे में स्थिति को बिगड़ते देख चालक वाहन को वहीं पर छोडकऱ भाग निकला। इससे पुलिस के घंटों मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला जा सका।
इसके पहले भी हो चुकी है घटना
कुछ दिन पहले भी देर रात करीब दो बजे के आसपास के ट्रेलर चालक ने वाहन को हटरी चौक से लालटंकी रोड की सकरी गली में घुसा दिया था, लेकिन जब आगे संतोष डेरी के पहले पहुंचा तो वाहन को घुमने की जगह नहीं मिलने पर काफी मशक्कत के बाद बैक कर बाहर निकला, हालांकि उस समय किसी प्रकार की नुकसान नहीं हुई थी। वहीं शहरवासियों की मानें तो जब से गोबर्धनपुर पुल क्षतिग्रस्त हुआ है, तब से रात के समय भारी वाहन शहर की सडक़ों से ही गुजर रही है, इससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहा है।
गुगुल मैप के चलते बन रही स्थिति
इस संबंध में पुलिस की माने तो रात के समय भारी वाहन चालक गुगल मैप चालू कर वाहन को चलाते आ रहे हैं। इससे कई बार गलत रास्ता बताने से शहर की गलियों में घुस जा रहे हैं, जिससे उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई भी हो रही है। हालांकि जब देर रात लोग सो जाते हैं, तो चालकों द्वारा वाहनों को तेज गति से चलाते हुए शहर की सडक़ों से गुजार रहे हैं। वहंीं देखा जाए तो इन दिनों रात दो बजे के बाद जुटमिल थाना के सामने से होते हुए चक्रपथ और चक्रधरनगर चौक होते हुए बोईरदार की तरफ हर दिन दर्जनों की संख्या में भारी वाहन गुजरती है, इससे सुबह के समय सडक़ों पर गिट्टी व कोयला बिखर जाता है, जिससे सुबह के समय वाहनों के गुजरते ही धूल का गुब्बार उठ रहा है। ऐसे में जहां लोग धूल से परेशान हो रहे हैं तो वहीं बड़े हादसे को लेकर भी चिंतित नजर आ रहे हैं।



