रायगढ़। जिले में दोस्त ने अपने ही दोस्त की मारपीट कर गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए मनगढ़ंत कहानी गढ़ी, लेकिन जांच में सच्चाई सामने आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामला तमनार थाना क्षेत्र का है। खाना बनाने की बात को लेकर लखन उर्फ धरभईया चौधरी और अजहर अली के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। विवाद के दौरान अजहर अली ने लखन का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टर ने मृतक के मुंह में प्लास्टिक का टुकड़ा मिलने की जानकारी दी, जिसके आधार पर पूरे मामले का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार 10 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि बिजली कंपनी के टावर में चौकीदारी करने वाले लखन उर्फ धरभईया चौधरी (46) का शव खेत की मेड़ पर पड़ा मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके पर लखन का दोस्त अजहर अली (63) मौजूद था। उसने बताया कि लखन उसका साथी था और ग्राम खम्हरिया में किराए के मकान में रहता था। प्रारंभिक पूछताछ में अजहर अली ने खुद को प्रत्यक्षदर्शी बताते हुए कहानी सुनाई कि दोनों रात में चौकीदारी कर रहे थे। इसी दौरान रस्सी काटने की आवाज आई। शोर मचाने पर 4-5 लोग आए, लखन को पकडक़र मारपीट करने लगे। वह डरकर जंगल की झाडिय़ों में छिप गया। अगले दिन लखन का शव मिला, जिसके नाक, मुंह और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट थी। उसने दावा किया कि किसी ने ठोस वस्तु से मारकर हत्या की। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों, दोस्तों और उसके साथ काम करने वाले लोगों से पूछताछ कर हर पहलू पर जांच शुरू की। पुलिस लगातार आसपास के क्षेत्र के लोगों से पूछताछ कर रही थी, लेकिन घटनास्थल के आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के आने-जाने की कोई जानकारी नहीं मिली। वहीं अजहर अली ने 4-5 व्यक्तियों ने घटना को अंजाम देने की बात कही थी, लेकिन पूछताछ के दौरान वह हर बार अपना बयान बदलकर पुलिस को गुमराह करता रहा। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने मामले को होमिसाइडल बताते हुए लखन के मुंह में प्लास्टिक का एक टुकड़ा मिलने की जानकारी दी और आशंका जताई कि इसी वस्तु से उसे चोट पहुंचाई गई होगी। ऐसे में पुलिस टीम ने इस दिशा में अपनी जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान हर बार संदेह की सुई अजहर अली पर ही जाकर रुक जाती थी। इसके बाद पुलिस ने कड़ाई से अजहर अली से पूछताछ की, जहां उसने अपने दोस्त की हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि घटना के दिन वह लखन के साथ ड्यूटी पर था। इसी दौरान खाना बनाने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर आरोपी ने लखन चौधरी के साथ मारपीट की और उसे जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद आरोपी ने अपने हाथ में रखे टॉर्च से लगातार उसके चेहरे पर वार किया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नियत से आरोपी ने खून लगे टॉर्च को पानी से धोकर अपने पास रख लिया और घटना के समय पहने हुए कपड़ों को आग लगाकर जला दिया।
मारपीट करने के बाद गला दबाकर दोस्त को मार डाला



