रायगढ़। बुधवार को उस समय हडक़ंप मच गया जब एक युवक खून से लथपथ हालत में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गया। युवक ने महिलाओं से हुए विवाद के बाद कुछ लोगों द्वारा उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। घायल युवक के गले में गंभीर चोट के निशान थे और वह बार-बार आत्महत्या करने जैसी बातें कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशिमोहन सिंह ने कोतवाली थाना प्रभारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए और युवक को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने को कहा।बताया जा रहा है कि मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर पूछा पारा का है। घायल युवक की पहचान संजू बघेल के रूप में हुई है। उसने पप्पी जटवार, सन्नी जटवार, विजय जटवार और विक्की कुर्रे पर मारपीट का आरोप लगाया है।कोतवाली पुलिस घायल युवक को अपने साथ लेकर जिला अस्पताल पहुंची, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



