सारंगढ़। जिला में एक बड़ा सडक़ हादसा सामने आया है। मामला कोसीरथाना क्षेत्र के ग्राम उदयपुर मेन रोड का है, जहां एक हाईवा वाहन अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी। ग्रामीणों के अनुसार हाईवा में क्षमता से अधिक माल लोड था। ओवरलोडिंग के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि मोड़ के पास पहुंचते ही चालक वाहन पें नियंत्रण नहीं रख सका और तेज झटके के साथ हाईवा सडक़ से नीचे उतर गई। गिरते समय जोरदार आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग घबरा गए और तुरंत मौके की ओर दौड़े, वाहन के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सूचना मिलते ही थानेदार सुनीता बंजारे पुलिस दल लें मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। काफी प्रयास के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। चालक को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। ओवर लोडिंग व लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। वाहन मालिक और चालक से भी पूछताछ की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है और ओवर लोडिंग की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। ऐसे में प्रशासन से सख्त कार्यवाही की मांग की जा रही है।
अनियंत्रित हाईवा पलटी, चालक को जेसीबी से निकाला



