बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल द्वारा मल्टी-ट्रैकिंग एवं अधोसंरचना विकास कार्यों के साथ-साथ अनुरक्षण गतिविधियों के अंतर्गत ट्रैक पर विभिन्न रिन्यूअल कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन के मार्गदर्शन तथा इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से ट्रैक अनुरक्षण क्षेत्र में सभी नवीनीकरण कार्यों को प्राथमिकता एवं गति के साथ निष्पादित किया जा रहा है। ट्रैक नवीनीकरण के इन कार्यों में सी.टी.आर. (कम्पलीट ट्रैक रिन्यूअल), टी.आर.आर. (थ्रू रेल रिन्यूअल), टी.एस.आर (थ्रू स्लीपर रिन्यूअल), टी.टी.आर (थ्रू टर्न आउट रिन्यूअल), डीप स्क्रीनिंग जैसे प्रमुख कार्य शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि ट्रैक नवीनीकरण से संबद्ध उक्त समस्त कार्य संरक्षा से जुड़े हुए कार्य हैं एवं ट्रैफिक ब्लॉक लेकर ही इन कार्यों को निष्पादित किया जाता है। मंडल द्वारा इन कार्यों को उच्च दक्षता एवं संरक्षा मानकों के साथ पूरा किया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के 10 माह (अप्रैल 2025 से जनवरी 2026) में अनुरक्षण कार्यों के अंतर्गत 110.413 ट्रैक किलोमीटर रेल नवीनीकरण, 98.82 ट्रैक किलोमीटर स्लीपर नवीनीकरण, 218 यूनिट्स टर्नआउट नवीनीकरण, 23 यूनिट्स टर्न आउट डीप स्क्रीनिंग तथा 56.0 ट्रैक किलोमीटर में डीप स्क्रीनिंग कार्य निष्पादित किया गया है।
इन सभी नवीनीकरण कार्यों से ट्रैक की मजबूती एवं यात्री गाडिय़ों की संरक्षा गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित हो रहा है। बिलासपुर मंडल अपने निर्धारित लक्ष्यों की दिशा में निरंतर अग्रसर है तथा संरक्षा से जुड़े कार्यों के प्रति पूर्णत: प्रतिबद्ध है।
अनुरक्षण कार्यों के अंतर्गत तीव्र गति से निष्पादित हो रहे हैं रेलवे ट्रैक रिन्यूअल कार्य
इन कार्यों से ट्रैक तथा गाडिय़ों की संरक्षा गुणवत्ता होगी और भी मजबूत



