रायपुर। पुलिस ने शुक्रवार को 50 लाख 35 हजार रुपए कैश के साथ 4 सटोरियों को पकड़ा है। चारों आरोपी ऑनलाइन सट्टा खिलाने और बेटिंग साइट्स की आईडी बेचने का काम करते थे। साथ ही पुलिस ने सटोरियों से जब्त बैंक खातों में करोड़ों रूपए होल्ड करा दिया है। मामला गंज थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, आरोपियों में खम्हारडीह निवासी रितेश गोविंदानी (32), मौदहापारा निवासी मोहम्मद अख्तर (32), डीडी नगर निवासी विक्रम राजकोरी (32) और पुरानी बस्ती निवासी सागर पिंजानी (30) शामिल हैं। पुलिस अब सट्टा खेलने वाले और आईडी खरीदने वालों की भी तलाश कर रही है। दरअसल, रायपुर पुलिस को सूचना मिली कि 4 आरोपी कार में ऑनलाइन सट्टा खिला रहे हैं। सूचना मिलते ही शहर के सिंधु भवन पार्किंग के पास पुलिस की टीम पहुंची। आरोपी बेटिंग साइट्स की मास्टर आईडी के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की। सटोरियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपियों ने सट्टा खिलाने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि उनके पास मास्टर आईडी है। इसी से सट्टा खिला रहे थे।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि ऑनलाइन बेटिंग साइट्स की उनके पास मास्टर आईडी है। वह कई लोगों को आईडी बेच भी चुके हैं। वहीं रायपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि रायपुर ढ्ढत्र अमरेश मिश्रा के निर्देशन पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई की है। 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से 50 लाख कैश समेत 80 लाख का सामान जब्त किया गया है। रायपुर एसएसपी ने बताया कि लैपटाप, मोबाइल फोन, कार, पासपोर्ट, एटीएम कार्ड, चेक बुक, केलकुलेटर भी जब्त किया गया है। आरोपियों के खिलाफ गंज पुलिस स्टेशन में छत्तीसगढ़ जुआ निषेध अधिनियम 2022 की धारा 7, 112(2) बीएनएस और आईटी एक्ट की धारा 66(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
50 लाख कैश के साथ 4 सटोरिए पकड़ाए
कार में खिला रहे थे सट्टा, आईडी भी बेचते थे, ग्राहकों पर भी होगी कार्रवाई



