रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने धनतेरस के दिन अपने मीडिया सलाहकार और गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष को मंत्री दर्जा देने का बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है। इसके साथ ही गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष बिसेसर पटेल और योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा को भी कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्रदान किया गया है।
वहीं, युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर को राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया है। छत्तीसगढ़ में पहली बार मीडिया सलाहकार को राज्य मंत्री का दर्जा मिला है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने शनिवार को आदेश जारी किया। आदेश में कहा गया है कि ये सभी अपने-अपने पदों पर कार्य करते हुए मंत्री स्तर की सुविधाएं प्राप्त करेंगे। सरकार के इस कदम को संगठन संतुलन और आयोगों की सक्रियता बढ़ाने से जोडक़र देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री साय के करीबी माने जाने वाले पंकज झा लंबे समय से मीडिया प्रबंधन और रणनीतिक मामलों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, विश्वविजय तोमर युवा मोर्चा से लेकर संगठन स्तर पर लगातार सक्रिय रहे हैं।
अब मिलेगी ये सुविधा
कैबिनेट और राज्य मंत्री स्तर का दर्जा मिलने के बाद अब ये सभी अधिकारी-कार्यालय और आवासीय सुविधाएं, सुरक्षा, यात्रा और भत्तों का लाभ मंत्री स्तर के अनुसार प्राप्त करेंगे। सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में अन्य आयोगों और निगमों में भी नियुक्तियों और दर्जा वितरण की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है। सरकार का मकसद विभिन्न आयोगों की कार्यप्रणाली को तेज करना और राज्य के विकास से जुड़े कार्यक्रमों में इन्हें सीधे जोडऩा है।
सीएम के मीडिया सलाहकार पंकज झा को कैबिनेट का दर्जा
विश्व विजय तोमर को राज्य मंत्री का दर्जा
