रायगढ़। कलेक्ट्रेट में एक त्रिपुरा की महिला लव जिहाद की शिकायत लेकर पहुंची। उसका कहना है कि, जम्मू-कश्मीर के युवक ने अपना धर्म छिपाकर शादी की। इसके बाद धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने लगा। कलेक्ट्रेट के बाद महिला एसपी ऑफिस भी पहुंची। शिकायत के बाद एडिशनल एसपी आकाश मरकाम ने कहा कि, गंभीरता से इस पर जांच होगी और महिला दूसरे राज्य की है उसे पूरी पुलिस की ओर से पूरी सहायता मिलेगी।
महिला ने आवेदन में बताया कि वह त्रिपुरा की रहने वाली है। करीब 4 साल पहले जम्मू के रहने वाले युवक से सोशल मीडिया पर उसकी पहचान हुई। युवक ने सोशल मीडिया पर अपना नाम गुलशन मनहस लिखा था। इसके बाद करीब छह-सात महीने बात हुई और दोनों को प्यार हो गया।
मंदिर में हिंदू रीति रिवाज से की शादी
दोनों में बातचीत के बाद 2021 में गुलशन ने शादी करने की बात कहकर उसे आंध्र प्रदेश बुलाया। महिला अपने घर में बिना बताए कुछ दिन बाद आंध्र प्रदेश चली गई। जून 2021 में आंध्र प्रदेश के व्रदापालम नामक शहर में दोनों ने मंदिर में हिंदू रीति रिवाज से शादी भी कर ली।
बेटे को दिया जन्म
इसके बाद वे आंध्रप्रदेश में ही किराए के घर में रहने लगे। महिला उसके परिवार के बारे में जानने के लिए पूछती, तो वह किसी तरह टालमटोल कर देता और जवाब नहीं देता। 7 दिसंबर 2022 को पीडि़ता ने निजी अस्पताल में बेटे को जन्म दिया, जिसका नाम उन्होंने गुरदीप रखा। करीब चार महीने के बाद आरोपी महिला को अपने घर ले जाने की बात कहकर उसे जम्मू ले गया। उसने बताया कि वह जहां रहता है उस गांव का नाम कांदी है।
मुर्गा काटने से पता चला मुस्लिम है
महिला ने अपने आवेदन में बताया कि गुलशन के घर जाने के बाद उनके घर का तौर तरीका अलग था। उसे उसके धर्म को लेकर शक होने लगा। इसके बाद एक दिन जब गुलशन ने घर में मुर्गा काटा तो उसके तरीके को देखकर उसका शक यकीन में बदल गया कि, गुलशन का धर्म अलग है। हालांकि तब भी वह शांत रही और पूरी तरह से स्पष्ट होना चाहती थी।
गुलशन नहीं रियाज नाम है
जब गुलशन घर पर नहीं होता, तो महिला आसपास उसके बारे में पूछताछ करती। उसने बताया कि जब वह किसी मुस्लिम के घर में पूछताछ करती तो हर कोई गुलशन का पक्ष लेता था। बाद में उसने हिंदू परिवारों के लोगों से गुलशन के बारे में पूछा तो पता चला कि गुलशन का असली नाम रियाज अहमद है और वह मुस्लिम है।
मुस्लिम धर्म स्वीकारने का डाला दबाव
महिला को जब बात पता चली तो आरोपी के परिजन और समाज के कुछ लोग उसे मुस्लिम धर्म स्वीकार करने का दबाव बनाने लगे। उसने जब धर्म परिवर्तन से इनकार किया तो मारपीट करते हुए गुलशन ने कहा कि धर्म परिवर्तन नहीं करने पर वह उसे मार देगा, लेकिन महिला ने उसे स्वीकार नहीं किया।
किसी तरह वहां से भागकर दिल्ली पहुंची
इसके बाद वहां से कई बार वह और अपने बच्चे को लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सकी। कांदी थाना में भी रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में मौका मिलते ही वह घर से निकलकर दिल्ली और फिर राजस्थान पहुंच गई। आरोपी मोबाइल लोकेशन के जरिए उसका पता कर वहां भी उसके पास पहुंच गया। फिर जोर जबरदस्ती कर अपने घर ले आया।
दूसरी बार भाग कर रायगढ़ पहुंची
घर ले जाने के बाद लगभग 5 महीने तक उसका और उसके बच्चे का घर से निकलना बंद कर दिया गया। इसके बाद फिर किसी तरह मौका पाकर महिला वहां से भाग कर छत्तीसगढ़ पहुंची। यहां सारंगढ़ जिले के ग्राम भीखमपुरा में पहुंचकर वह एनजीओ के संपर्क में आई। वह यहां रहकर एनजीओ के माध्यम से बच्चों को पढ़ा रही है। सोमवार को महिला गांव से रायगढ़ कलेक्ट्रेट पहुंची। यहां उसने लिखित में गुलशन उर्फ रियाज अहमद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। साथ ही स्क्क ऑफिस में भी कार्रवाई की मांग की है।
रियाज अहमद ने ‘गुलशन’ बनकर की शादी
जम्मू-कश्मीर से भागकर रायगढ़ पहुंची महिला, बोली-धर्म परिवर्तन नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी
