रायपुर। राजधानी रायपुर में बदमाश ने जेल से छूटने के बाद एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया। बदमाश घायल व्यक्ति की बेटी से छेड़छाड़ के मामले में जेल गया था। जमानत में बाहर आने के बाद वह लडक़ी के पिता से केस वापस लेने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। शनिवार को आरोपी ने लडक़ी के पिता पर चाकू से हमला कर दिया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है।
रायपुर की एक कॉलोनी में कुछ महीने पहले एक युवती से खिऱ सिंधु नाम के बदमाश ने छेड़छाड़ की थी। घटना के बाद युवती और उसके परिजनों ने थाने में शिकायत की। पुलिस ने आरोपी खिऱ सिंधु को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। आरोपी इस हफ्ते ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। जेल से बाहर आने के बाद वह वापस युवती के घर पहुंच गया।
शनिवार को युवती के पिता किराने का सामान खरीदने दुकान जा रहे थे। इस दौरान आरोपी ने उन्हें बीच सडक़ में रोक लिया। उसने फिर एक बार केस वापस लेने के लिए धमकी दी। पीडि़त ने ऐसा करने से मना कर दिया। तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू निकालकर उसके जांघ पर वार कर दिया।
इस हमले से युवती का पिता बुरी तरह घायल हो गया। उसे लहूलुहान हालत में अस्पताल ले जाया गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। फिलहाल, टिकरापारा पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
बेटी से छेड़छाड़ के बाद पिता पर चाकू से हमला
जेल से छुटा आरोपी, केस वापस लेने का बनाया दबाव
