रायपुर। छत्तीसगढ़ में साफ मौसम के बीच दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी का दौर जारी है। दिन और रात का पारा सामान्य से अधिक पहुंच गया है। इस वजह से हल्की गर्मी महसूस हो रही है। प्रदेश के 10 जिलों का अधिकतम तापमान 33 डिग्री के पार है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और राजनांदगांव में दिन में अब गर्मी महसूस हो रही है। प्रदेश में सोमवार को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान दंतेवाडा में 34.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान बलरामपुर में 13.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 2 दिनों तक प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव के आसार नहीं हैं।
रायपुर में बढ़ा दिन-रात का तापमान
रायपुर में सोमवार को दिन और रात का तापमान सामान्य से ऊपर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री रहा। दिन का तापमान 33.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो औसत तापमान से 2 डिग्री ज्यादा था। रात का तापमान भी औसत तापमान से 4 डिग्री ज्यादा रहा।
सरगुजा में रात का पारा औसत से ज्यादा
सरगुजा संभाग में दिन और रात का तापमान सामान्य से ज्यादा रहा। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा रहा। यहां रात का तापमान 14.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, वहीं, अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री रहा।
बिलासपुर का तापमान औसत से ज्यादा
बिलासपुर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान औसत से ज्यादा है। यहां दिन का तापमान सामान्य से 2 डिग्री और रात का तापमान सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा रहा। बिलासपुर में दिन का पारा 33.2 डिग्री रहा। यहां रात का तापमान 20.4 डिग्री पर पहुंच गया है।
छत्तीसगढ़ में जोर पकड़ रही गर्मी
