रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बीजेपी असल मुद्दों से भटकाने के लिए भगवान राम के नाम से राजनीति कर रही है। आस्था के नाम से देश की जनता के साथ खिलवाड़ कर रही है, लेकिन कांग्रेस पार्टी इसके असल मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
बैज ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, मध्यम वर्ग त्रस्त है। युवा, माता, बहनें और देश का हर वर्ग मोदी सरकार से त्रस्त है। इन मुद्दों को लेकर हम जनता के बीच जा रहे हैं और लोकसभा चुनाव लडेंगे। इस न्याय यात्रा से सिर्फ रायगढ़, सरगुजा, जांजगीर चांपा, नहीं बल्कि प्रदेश के 11 लोकसभा सीटों में इसका फायदा मिलेगा।
कांग्रेस के नेताओं को परेशान करने के लिए छापेमारी- बैज
दीपक बैज ने कहा कि मोदी सरकार की नाकामियों को जनता तक पहुंचाना भारत जोड़ो न्याय यात्रा का मकसद है। वहीं उन्होंने कहा कि जिस प्रकार लोकसभा चुनाव में अपनी जीत दर्ज करने के साथ-साथ कांग्रेस के नेताओं को परेशान करने के लिए छापेमारी की जा रही है। उससे कांग्रेस के नेता प्रभावित नहीं होंगे।
8 फरवरी से छत्तीसगढ़ में भारत जोड़ो न्याय यात्रा
बैज ने बताया कि 8 फरवरी से छत्तीसगढ़ में भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरूआत की जाएगी। इसकी समस्त तैयारी कांग्रेस ने कर ली है। 9 और 10 फरवरी को छुट्टी के बाद 11 फरवरी को राहुल गांधी कांशीराम चौक से रायगढ़ शहर का भ्रमण करेंगे।
रेंगालपाली बॉर्डर में किया जाएगा स्वागत
इस दौरान बैज ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर कहा कि ओडिशा होते हुए छत्तीसगढ़ में प्रवेश करने वाली है। यात्रा 8 फरवरी को ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पहुंचेगी। जहां सबसे पहले रेंगालपाली बॉर्डर में उनका स्वागत किया जाएगा और फिर झंडा अदान प्रदान किया जाएगा।
ओडिशा से रायगढ़ पहुंचने के बाद झंडा बदला जाएगा
इसके बाद यह यात्रा खरसिया होते हुए शक्ति और कोरबा की ओर रवाना हो जाएगी। इन जिलों से होते हुए राहुल गांधी की न्याय यात्रा सरगुजा संभाग के सूरजपुर जिले में पहुंचेगी। ओडिशा से रायगढ़ पहुंचने के बाद झंडा बदला जाएगा।
बीजेपी भगवान राम के नाम से राजनीति कर रही
न्याय-यात्रा से मोदी सरकार की नाकामियों को जनता तक पहुंचाएंगे- बैज
