रायगढ़। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त 41वें चक्रधर समारोह के अंतर्गत मोती महल परिसर में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय पुरुष एवं महिला कबड्डी प्रतियोगिता के दूसरे दिन दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल शामिल हुए। उन्होंने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं।
सांसद श्री विजय बघेल ने कहा कि महाराजा चक्रधर सिंह ने गीत, संगीत, संस्कार और खेल को जोड़ते हुए रायगढ़ की समृद्ध परंपरा को नई पहचान दी। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 41 वर्षों से चक्रधर समारोह आयोजित हो रहा है। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेल कबड्डी जैसे आयोजनों को भी स्थान दिया जा रहा है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाडिय़ों और खेल प्रेमियों को शुभकामनाएं दीं।
राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि खेल जीवन से बहुत कुछ सीखने का अवसर देता है। खिलाड़ी हार से सीख लेकर आगे बढ़ता है और जीत से यह प्रेरणा लेता है कि इससे भी बेहतर प्रदर्शन कैसे किया जा सकता है। खेल के माध्यम से खिलाड़ी दूसरों को भी प्रेरित करता है।
कलेक्टर-एसएसपी ने खिलाडिय़ों से परिचय लेकर बढ़ाया मनोबल
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह भी कबड्डी प्रतियोगिता में पहुंचे। उन्होंने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान प्रशिक्षकों एवं खिलाडिय़ों को ट्रैक सूट वितरित किए गए तथा उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
25 टीमों के बीच हो रहा मुकाबला
19 से 21 सितम्बर तक आयोजित प्रतियोगिता में जिले की 25 टीमों ने हिस्सा लिया है। इनमें 14 पुरुष और 11 महिला टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता के पहले और दूसरे दिन पुरुष एवं महिला वर्ग में लीग मैच खेले गए। 21 सितम्बर को लीग मैचों के विजेता खिलाडिय़ों के बीच क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे। इस अवसर पर कबड्डी संघ के अध्यक्ष श्री रघुवीर सिंह वाधवा, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।



