खरसिया। कैलाश शर्मा। खरसिया नगर की पवित्र पावन भूमि पर गर्ग परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत के द्वितीय दिवस कथा व्यास परम पूज्य आचार्य श्री मृदुल कृष्ण महाराज जी ने कपिल भगवान चरित्र, कपिल, गीता और ध्रुव चरित्र का भावपूर्ण वर्णन करते हुए सारगर्भित शब्दों में बतलाया कि? सत्य ही परम धर्म है कथा का मंगलाचरण और विश्राम दोनों सत्य की वंदना (सत्यं परं धीमहि) से होता है। सत्य ही श्रीकृष्ण, श्रीराम, शिव और भगवती दुर्गा का स्वरूप है। श्रीमद्भागवत वेद रूपी वृक्ष का ऐसा पका हुआ फल है जिसमें न गुठली है और न छिलका, यह केवल भगवद्रस से परिपूर्ण है। निष्कपट और ईर्ष्या-रहित (निर्मत्सर) व्यक्ति ही इस रस का सच्चा अधिकारी है। आचार्य श्री ने भगवान कपिल चरित्र, कपिल गीता और भक्त ध्रुव के प्रसंगों का सारगर्भित वर्णन कर श्रद्धालुओं को सत्य और भक्ति का मार्ग दिखाया।
भागवत कथा से जागृत होती है अहर्निश प्रभु भक्ति
पूज्य आचार्य गोस्वामी श्री मृदुल कृष्ण जी महाराज ने कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संसार के सभी योग, यज्ञ, तप और अनुष्ठान का अंतिम लक्ष्य केवल प्रभु चरणों में अनन्य भक्ति प्राप्त करना है। श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण मात्र से जीव का मन, वाणी और कर्म परमात्मा में तल्लीन हो जाता है। उन्होंने व्यवहारिक जीवन में सत्य की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि पिता-पुत्र, भाई-भाई, मित्र-मित्र यहाँ तक कि चोर भी आपस में सत्य की ही अपेक्षा रखते हैं, क्योंकि सत्य व्यापक और सर्वप्रिय है। जीवन का सर्वश्रेष्ठ धर्म अपने इष्ट के प्रति प्रगाढ़ प्रेम और निष्कपट भाव रखना है। कथा के प्रति सच्चा संकल्प लेते ही भगवान श्रीकृष्ण भक्त के हृदय में आकर विराजमान हो जाते हैं।
कथा श्रवण करने पहुंचे सांसद राधेश्याम राठिया, विधायक अनुज शर्मा, कलेक्टर संजय अग्रवाल
खरसिया में गर्ग परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के द्वितीय दिवस की कथा का श्रवण करने अनेक विशिष्ट अतिथियों का आगमन हुआ और उन्होंने श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कर कथा व्यास अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक आचार्य गोस्वामी श्री मृदुल कृष्ण शास्त्री जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। इनमें प्रमुख रूप से रायगढ़ लोकसभा के लोकप्रिय सांसद माननीय राधेश्याम राठिया जी, पद्मश्री प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी कलाकार एवं विधायक अनुज शर्मा, कलेक्टर बिलासपुर संजय अग्रवाल, गिरधर गुप्ता, गोपाल शर्मा, महेश साहू छाया विधायक, रविन्द्र गबेल जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सहित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना से ओत-प्रोत इस आयोजन में हजारों की संख्या में उपस्थित भक्त श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया।



