रायपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सरकार द्वारा घोषित ड्राई डे बावजूद शराब की बिक्री और अवैध परिवहन के मामले में रायपुर में आबकारी विभाग और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 4 प्रकरण दर्ज किए गए। इस दौरान मध्यप्रदेश की महंगी विदेशी शराब, देशी शराब और बीयर जब्त की गई। वहीं रायपुर के बार से शराब बेचने के आरोप में कांग्रेस नेता और बार संचालक पलाश मल्होत्रा को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आबकारी विभाग ने पाजी द पिंड ढाबा में कार्रवाई की। यहां ढाबा संचालक ईशु पाल भसीन के आधिपत्य वाली होंडा ङ्खक्र-ङ्क कार से मध्यप्रदेश की हाई रेंज ब्रांड की शराब बरामद हुई।
कार से 6 बोतल समेत कुल 8 बोतल विदेशी व्हिस्की जब्त की गई। कुल 6 लीटर शराब की कीमत 15,856 रुपए और कार की अनुमानित कीमत 6.50 लाख रुपए है। आबकारी विभाग ने गैर-जमानती धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया। खम्हारडीह में राजू मलिक के कब्जे से 21 पाव देशी मसाला शराब और 2 बोतल बीयर बरामद हुई। इसकी कुल मात्रा 5.08 बल्क लीटर और कीमत 2,580 रुपए है। वहीं मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम सोनबेरी में राहुल जांगड़े से 21 पाव रोमियो मसाला शराब मिली। शराब की मात्रा 3.78 बल्क लीटर और कीमत 2,100 रुपए आंकी गई है।
मौदहापारा पुलिस को सूचना मिली थी कि पूनम होटल के सामने स्थित बार से शुष्क दिवस पर चोरी-छिपे शराब बेची जा रही है। पुलिस ने रात करीब 10:30 बजे घेराबंदी कर बार संचालक पलाश मल्होत्रा को पकड़ लिया। तलाशी में 750 एमएल की शराब की बोतल, जिसकी कीमत 1,150 रुपए है, और बिक्री से मिले 2,300 रुपए नकद बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक पलाश पूर्व में उत्तर विधानसभा युवक कांग्रेस अध्यक्ष रह चुका है। बार के सुरक्षा गार्ड की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस आबकारी विभाग को प्रतिवेदन भेजकर बार का लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने की अनुशंसा करेगी।
जन्माष्टमी पर शराब बेचते कांग्रेस नेता-ढाबा संचालक गिरफ्तार
ड्राई डे पर शराब बेचते आरोपियों को आबकारी-पुलिस ने पकड़ा



