रायगढ़। जन्माष्टमी पर्व को लेकर रायगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था पूरी कर ली है। शहर में अलग-अलग जगहों पर 400 से अधिक पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की नजर संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों पर रहेगी। मेला और झांकियों के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए फिक्स पॉइंट के साथ पेट्रोलिंग और पैदल गश्त भी की जाएगी। शहर के गौरीशंकर मंदिर और श्याम मंदिर में जन्माष्टमी पर्व उत्साह और आस्था के साथ मनाया जाता है। इसके अलावा जगह-जगह झांकियां निकाली जाती हैं और दो स्थानों पर मेला भी लगता है। ऐसे में शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। भीड़ का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्व पॉकेटमारी, विवाद और हुड़दंग जैसी घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग चौक-चौराहों पर फिक्स पॉइंट बनाए हैं। यहां जवान तैनात रहेंगे और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए तीनों थाना क्षेत्रों की पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी लगातार गश्त करेगी। पुलिस अधिकारियों की टीमें भी क्षेत्र में मौजूद रहेंगी। इसके अलावा मेला और भीड़ वाले इलाकों में जवान पैदल गश्त करेंगे। रात में भी मेला क्षेत्रों और थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग जारी रहेगी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने बताया कि जन्माष्टमी पर्व और मेले को देखते हुए 400 से अधिक पुलिस बल लगाया गया है। चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। संदिग्ध व्यक्ति मिलने पर पूछताछ की जा रही है और आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों की निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था को लेकर भी तैयारी की गई है। यातायात बाधित न हो, इसके लिए पुलिस ने ट्रैफिक रूटचार्ट भी जारी किया है।



