जांजगीर-चांपा। आगामी नवरात्रि पर्व को लेकर जांजगीर-नैला में तैयारियां तेज हो गई हैं। नवरात्रि के दौरान प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर कमर कस ली है। इसी कड़ी में कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने बुधवार को श्री श्री दुर्गा पूजा उत्सव नैला के आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने आयोजन समिति के सदस्यों से विस्तार से चर्चा की तथा नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, प्रवेश एवं निकासी, पार्किंग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने आयोजन को व्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर महोबे ने कहा कि नवरात्रि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शनार्थी जांजगीर-नैला पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करने तथा श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन उपलब्ध कराने के लिए प्रवेश एवं निकासी की व्यवस्था स्पष्ट और व्यवस्थित होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए। भीड़ के दबाव वाले स्थानों को चिन्हांकित कर वहां पर्याप्त सुरक्षा बल एवं निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी स्थिति में अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो।
पार्किंग और यातायात व्यवस्था की बनेगी कार्ययोजना
नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने विशेष जोर दिया। कलेक्टर ने आयोजन समिति एवं संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त पार्किंग स्थल चिन्हित करने तथा वाहनों के व्यवस्थित संचालन के लिए पहले से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती एवं यातायात नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि श्रद्धालुओं के आवागमन के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों एवं आपातकालीन वाहनों की आवाजाही भी बाधित नहीं होनी चाहिए।
स्वच्छता पर भी रहेगी प्रशासन की नजर
कलेक्टर महोबे ने आयोजन स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के पूरे पर्व के दौरान नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाए। श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में कचरा संग्रहण एवं सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आयोजन समिति से भी अपील की कि श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए और आयोजन स्थल को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने में प्रशासन का सहयोग किया जाए।
आपातकालीन और फ ायर सेफ्टी व्यवस्था जरूरी
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन ने अग्नि सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी है। कलेक्टर ने आयोजन स्थल पर फायर सेफ्टी के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन संसाधन एवं आवश्यक उपकरण पहले से उपलब्ध रहें। इसके साथ ही आयोजन स्थल पर एम्बुलेंस एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सके, इसके लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा गया।
बिजली और प्रकाश व्यवस्था भी होगी दुरुस्त
आयोजन स्थल पर बिजली व्यवस्था को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखने के साथ पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अंधेरे वाले स्थानों को पहले से चिन्हांकित कर वहां पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए। विद्युत संबंधी किसी भी संभावित खतरे से बचने के लिए सभी विद्युत उपकरणों एवं कनेक्शनों की आवश्यक जांच भी सुनिश्चित की जाए।
प्रशासन और आयोजन समिति में बेहतर समन्वय पर जोर
कलेक्टर एवं एसपी ने आयोजन समिति के सदस्यों से चर्चा करते हुए कहा कि नवरात्रि पर्व का सफल आयोजन प्रशासन एवं समिति के आपसी समन्वय से ही संभव है। इसलिए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, प्रवेश-निकासी, बैरिकेडिंग, स्वच्छता, अग्नि सुरक्षा, चिकित्सा एवं बिजली जैसी सभी व्यवस्थाओं को समय रहते अंतिम रूप दिया जाए। अधिकारियों ने आयोजन समिति को भरोसा दिलाया कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की ओर से आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। वहीं आयोजन समिति को भी प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैंडन यार्क, एसडीएम सुब्रत प्रधान, राजेश पालीवाल, प्रदीप गोयल, संदीप शर्मा, विक्रम पालीवाल, विष्णु धानुका, संजय भोपालपुरिया एवं मनोज राव सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस विभाग के अधिकारी तथा आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।



