रायगढ़. जिले में स्वाइन फ्लू का संक्रमण बढऩे लगा है, जिससे वर्तमान में दो केस एक्टिीव है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ जांच और उपचार की व्यवस्था भी बढ़ा दी है। विभाग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, इन दिनों अस्पताल में आने वाले सर्दी-खांसी के मरीजों में स्वाइन फ्लू के सिम्टम दिखने पर तत्काल एच-1एन-1 की जांच कराने की सलाह दी जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य समय रहते बीमारी की पहचान कर उसका प्रभावी उपचार सुनिश्चित करना है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं जो दो केस अभी सामने आए हैं उनका उपचार जारी है, जिससे सुधार होने की बात कही जा रही है। वहीं स्वाइन फ्लू का केस अगस्त माह के शुरूआत से ही मौसम बदलने के साथ शुरू हो गया है, लेकिन इसकी पहचान होते ही लोग रायपुर बिलासपुर जैसे शहरों में उपचार कराने पहुंच रहे हैं। ऐसे में इससे बचने के लिए जागरुकता बेहद जरूरी है।
स्वाइन फ्लू के लक्षण
इस संबंध में डाक्टरों का कहना है कि अगर किसी को बुखार, खांसी, गले में खराश, बदन दर्द और थकान महसूस हो तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में जाकर एच-1एन-1 की जांच करानी चाहिए, ताकि समय रहते उपचार हो सके। वहीं इससे बचने के लिए भीड़भाड़ वाली जगहों में जाने से बचने, नियमित रूप से हाथ धोने और खांसी-छींक आने पर मुंह व नाक को ढंकने जैसे बचाव बेहद जरूरी है।
जिला अस्पताल में तैयारी पूरी
जिले से केस सामने आते ही जिला अस्पताल में एच-1एन-1 की जांच के लिए सारी सुविधाएं मुहैया करा दी गई है, इसके साथ ही पर्याप्त मात्रा में दवाई और बेड भी रिर्जव किया गया है, ताकि अगर इस तरह के कोई मरीज आता है तो उसका तत्काल उपचार हो सके।



