रायगढ़. पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज के राम गोपाल गर्ग दो दिवसीय प्रवास पर रायगढ़ पहुंचे थे, उन्होंने पुलिस कार्यालय में स्टाफ की बैठक लेकर विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा की और पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान आईजी राम गोपाल गर्ग ने कहा कि जिला पुलिस कार्यालय पुलिसिंग का नियंत्रण केंद्र है, जिसका बेहतर कामकाज पूरे जिले की पुलिसिंग पर सीधा प्रभाव डालता है। उन्होंने जवानों के वेतन, अवकाश व कल्याणकारी सुविधाओं का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान आईजी गर्ग ने प्रत्येक शाखा के कार्यों की बारीकी से समीक्षा की। साथ ही एसएसपी शशिमोहन सिंह द्वारा ऑडिट का भौतिक सत्यापन, चिटफंड प्रकरणों की प्रगति, ऑनलाइन पोर्टलों को नियमित अपडेट रखने और प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शासकीय वाहनों व संपत्तियों के रख-रखाव को भी प्राथमिकता देने को कहा। आईजी गर्ग ने नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन में सीसीटीएनएस की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। ई-साक्ष्य, ई-समन, ई-फॉरेंसिक जैसी डिजिटल प्रक्रियाएं सीसीटीएनएस से संचालित हो रही हैं। कर्मचारियों को इसके प्रभावी उपयोग के लिए प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए। देर शाम आईजी गर्ग ने थाना चक्रधरनगर का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ एसएसपी शशि मोहन सिंह, एडिशनल एसपी अनिल सोनी और सीएसपी मयंक मिश्रा मौजूद थे। आईजी ने पुलिसकर्मियों से संवाद कर कार्यों की जानकारी ली तथा थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने थाना में ऑनलाइन रोजनामचा एंट्री की प्रशंसा की और पुलिसिंग में तकनीक के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया।
आईजी ने पुलिस कार्यालय व थाना का किया निरीक्षण, प्रभावी पुलिसिंग पर दिया जोर



