रायपुर। जिले में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी को जेल भेजने के दौरान बड़ा बवाल हो गया। आरोपी के परिजनों और समर्थकों ने पहले थाने में जमकर हंगामा किया, फिर रास्ते में पुलिस वाहन रोककर आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की और पेट्रोल बम से पुलिसकर्मियों और थाने को उड़ाने की धमकी भी दी। पुलिस ने बल प्रयोग कर स्थिति पर काबू पाया और आरोपी को सुरक्षित केंद्रीय जेल रायपुर पहुंचाया। मामले में हंगामा करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। यह मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, रायपुर कलेक्टर के आदेश पर हिस्ट्रीशीटर टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (हृस््र) के तहत कार्रवाई की गई थी। गिरफ्तारी के बाद उसे कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए गोबरा नवापारा थाने लाया गया। इसी दौरान आरोपी के परिजन और समर्थक थाने पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध करते हुए गाली-गलौज व हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने किसी तरह हालात को नियंत्रित किया और आरोपी को जेल ले जाने के लिए रवाना हुई।
बताया गया कि ग्राम बजरंगपुर के पास आरोपी के परिजनों ने दो-तीन चारपहिया वाहन सडक़ पर खड़े कर पुलिस वाहन का रास्ता रोक लिया। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की और पेट्रोल बम से पुलिसकर्मियों और थाने को उड़ाने की धमकी भी दी। पुलिस बल ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए बल प्रयोग किया और आरोपी को सुरक्षित अपने कब्जे में रखा। घटना के बाद सभी संदिग्ध वाहनों को जब्त कर संबंधित लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करने की तैयारी है। पुलिस के अनुसार, टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी आदतन अपराधी है। वर्ष 2010 से अब तक उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आबकारी, जुआ-सट्टा, नारकोटिक्स और आर्म्स एक्ट समेत 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उस पर 11 प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयां भी की जा चुकी हैं, लेकिन लगातार आपराधिक गतिविधियों के चलते उसके खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई की गई।
एनएसए के आरोपी को छुड़ाने की कोशिश, पेट्रोल बम से पुलिसकर्मी-थाने को उड़ाने की दी धमकी



