बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने जुलाई 2026 के दौरान माल लदान एवं माल राजस्व दोनों में सतत वृद्धि दर्ज करते हुए उत्कृष्ट माल परिवहन प्रदर्शन जारी रखा है। साथ ही, रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं उनकी बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए विभिन्न अवसरों पर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन भी किया जा रहा है। इस प्रकार दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे माल परिवहन के साथ-साथ यात्री सेवाओं को भी निरंतर सुदृढ़ करते हुए देश के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जुलाई 2026 के दौरान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 21.53 मिलियन टन माल का लदान किया। पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में मासिक माल लदान में 4.16 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की, जो परिचालन दक्षता, ग्राहक-केंद्रित माल सेवाओं तथा विश्वसनीय लॉजिस्टिक व्यवस्था का परिचायक है।
31 जुलाई 2026 तक संचयी आधार पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 87.56 मिलियन टन माल का लदान किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 2.66 प्रतिशत अधिक है। जुलाई 2026 के दौरान माल राजस्व रू.2,636.58 करोड़ रहा, जिसमें 4.65 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं 31 जुलाई 2026 तक संचयी माल राजस्व रू.10,490.77 करोड़ रहा, जो रेलवे के निरंतर सुदृढ़ माल परिवहन प्रदर्शन को दर्शाता है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सर्वाधिक माल लदान वाले बिलासपुर मंडल ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखा। जुलाई 2026 के दौरान मंडल ने 16.04 मिलियन टन माल का लदान किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 5.09 प्रतिशत अधिक है। 31 जुलाई 2026 तक मंडल का संचयी माल लदान 65.19 मिलियन टन रहा, जिसमें 3.16 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। जुलाई माह में मंडल का माल राजस्व रू. 2,079.89 करोड़ रहा, जो 5.74 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है, जबकि संचयी माल राजस्व ?8,139.30 करोड़ रहा।
प्रमुख वस्तुओं के माल लदान में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की प्रमुख माल ढुलाई वस्तु कोयला के लदान में 4 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसके अतिरिक्त इस्पात संयंत्रों के लिए कच्चा माल (आरएमपीएस) में 4 प्रतिशत, लौह अयस्क में 18 प्रतिशत, क्लिंकर में 29 प्रतिशत तथा कंटेनर यातायात में प्रभावशाली 48 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। देश में ताप विद्युत स्टेशनों के लिए कोयले के प्रमुख परिवहनकर्ता के रूप में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने घरेलू कोयले की आपूर्ति में 13 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। इससे विद्युत उत्पादन हेतु निर्बाध ईंधन उपलब्धता सुनिश्चित होने के साथ-साथ देश की ऊर्जा सुरक्षा को भी महत्वपूर्ण मजबूती मिली। बेहतर परिचालन दक्षता के परिणामस्वरूप दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने रू.117.26 करोड़ का अतिरिक्त माल राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 4.70 प्रतिशत अधिक है।
यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनों का निरंतर परिचालन
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा केवल माल परिवहन में उत्कृष्ट प्रदर्शन ही नहीं किया जा रहा है, बल्कि यात्रियों की सुविधा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रियों की बढ़ती मांग, गर्मी की छुट्टियों, विशेष अवसरों तथा अतिरिक्त यात्री यातायात को ध्यान में रखते हुए आवश्यकता के अनुरूप स्पेशल ट्रेनों का निरंतर परिचालन किया जा रहा है।
यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा एवं बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अप्रैल 2026 से अब तक दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा 48 स्पेशल ट्रेनों के कुल 140 फेरे संचालित किए गए हैं। इन स्पेशल ट्रेनों के माध्यम से यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध कराने के साथ-साथ विभिन्न महत्वपूर्ण अवसरों पर बढऩे वाली यात्री भीड़ को सुगम एवं व्यवस्थित तरीके से संभालने में महत्वपूर्ण मदद मिली है। गर्मी के मौसम में स्कूलों की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के विभिन्न स्टेशनों से अनेक समर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया गया। इसके माध्यम से यात्रियों को सुविधाजनक एवं सुगम रेल यात्रा उपलब्ध कराने के साथ-साथ प्रमुख गंतव्यों के लिए अतिरिक्त कनेक्टिविटी प्रदान की गई।
इसी क्रम में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रथ यात्रा स्पेशल ट्रेनों का भी संचालन किया गया। विशेष अवसरों पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इन ट्रेनों ने श्रद्धालुओं के लिए अतिरिक्त यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्तमान में श्रावण मास के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए श्रावणी स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इन स्पेशल ट्रेनों के माध्यम से यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध कराने के साथ-साथ भीड़ प्रबंधन और सुगम यात्री आवागमन सुनिश्चित करने के लिए रेलवे द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस प्रकार, माल परिवहन में निरंतर वृद्धि के साथ-साथ यात्री सुविधाओं के लिए स्पेशल ट्रेनों का व्यापक संचालन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की बहुआयामी सेवा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे क्षमता विस्तार, परिचालन उत्कृष्टता, ग्राहक-केंद्रित माल सेवाओं तथा बेहतर यात्री सुविधाओं के माध्यम से रेल परिवहन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। एक ओर माल लदान एवं माल राजस्व में सतत प्रगति के माध्यम से देश के ऊर्जा एवं औद्योगिक क्षेत्रों को विश्वसनीय परिवहन उपलब्ध कराया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर स्पेशल ट्रेनों के संचालन सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं के माध्यम से यात्रियों की सुविधा एवं अपेक्षाओं को पूरा करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
रेलवे ने माल लदान व राजस्व में दर्ज की सतत वृद्धि
यात्री सुविधाओं पर भी दिया विशेष जोर



