रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कमिश्नरेट पुलिस ने मध्य जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में होटल, लॉज, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं में विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 89 ठहराव स्थलों का निरीक्षण कर आगंतुकों का सत्यापन, सुरक्षा व्यवस्थाओं और रिकॉर्ड का गहन परीक्षण किया गया। पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) विवेक शुक्ला के पर्यवेक्षण में यह अभियान कोतवाली, गोलबाजार, गंज, मौदहापारा, सिविल लाइंस, देवेंद्र नगर और तेलीबांधा थाना क्षेत्रों में संचालित किया गया। अभियान के तहत 81 होटल, 7 लॉज और 1 धर्मशाला सहित कुल 89 ठहराव स्थलों की जांच की गई। पुलिस टीमों ने होटल एवं लॉज में ठहरे लोगों का भौतिक सत्यापन किया। साथ ही आगंतुकों के वैध पहचान पत्र, होटल रजिस्टर, ऑनलाइन बुकिंग रिकॉर्ड, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के दौरान होटल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को कमरा उपलब्ध न कराया जाए तथा सभी आगंतुकों का रिकॉर्ड नियमित रूप से अद्यतन रखा जाए। इसके अलावा 68 होटल संचालकों को ‘समाधान’ एप की जानकारी देकर संदिग्ध व्यक्तियों या गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
चेकिंग के दौरान 17 संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया गया, जबकि 9 होटल संचालकों के यहां सीसीटीवी और रजिस्टर संधारण में कमियां मिलने पर उन्हें आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। पुलिस ने होटल संचालकों को सीसीटीवी कैमरे लगातार चालू रखने, रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने, कर्मचारियों का सत्यापन कराने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के निर्देश भी दिए। साथ ही नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य अपराधों की रोकथाम, फरार और संदिग्ध अपराधियों की पहचान, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के सघन चेकिंग अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
सेंट्रल जोन के 89 होटल, लॉज और धर्मशालाओं में की सघन चेकिंग
17 संदिग्धों का सत्यापन, 9 संचालकों को सुधार के दिए निर्देश



