खरसिया। चपले। भारतीय जनता पार्टी चपले मंडल द्वारा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में चपले मंडल के समस्त कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा जिला महामंत्री विकास केडिया, छाया विधायक महेश साहू, जिला कोषाध्यक्ष सनत नायक एवं मण्डल अध्यक्ष पवन पटेल, जिला कार्यसमिति सदस्य पुरुषोत्तम पटेल, पूर्व मंडल अध्यक्ष खरसिया सतीश अग्रवाल, देवीनाथ पटेल हितेश सोनू द्विवेदी, सभी मोर्चा के अध्यक्ष महामंत्री सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। बैठक के दौरान मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा क्षेत्रीय विकास की आवश्यकताओं को प्रमुखता से वरिष्ठ नेताओं के समक्ष रखा। उपस्थित वरिष्ठ नेतृत्व ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र निराकरण का विश्वास दिलाया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
इसके साथ ही बैठक में पार्टी के आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और अभियानों की सफलता को लेकर सार्थक चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच जाने और केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
भाजपा चपले मंडल की बैठक संपन्न
जनसमस्याओं के समाधान और संगठन मजबूती पर हुआ मंथन



