रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध कबाड़ के परिवहन पर कार्रवाई करते हुए 7.5 टन लोहे का स्क्रैप और 12 चक्का ट्रक समेत कुल 20.25 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है। पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस को आशंका है कि अवैध कबाड़ किसी औद्योगिक प्लांट में खपाने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि, कुनकुरी से एक 12 चक्का ट्रक में भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप लोड कर पूंजीपथरा क्षेत्र लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तमनार चौक के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। जांच के दौरान एक ट्रक में बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप मिला।
पूछताछ में ड्राइवर ने अपना नाम सुलतान खान (58) निवासी आजाद मोहल्ला, कुनकुरी बताया। पुलिस ने स्क्रैप से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक पहले टालमटोल करता रहा और बाद में कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने स्क्रैप को चोरी की संपत्ति होने के संदेह में जब्त कर लिया।
पुलिस ने ट्रक में लोड करीब 7.5 टन लोहे का स्क्रैप, जिसकी अनुमानित कीमत 5.25 लाख रुपए है, जब्त कर लिया। साथ ही लगभग 15 लाख रुपये कीमत का 12 चक्का टाटा ट्रक भी जब्त किया गया। इस तरह कुल 20.25 लाख रुपये की संपत्ति पुलिस ने अपने कब्जे में ली। पूंजीपथरा पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
प्लांट में खपाने जा रहा था 7.5 टन अवैध कबाड़
वैध दस्तावेज नहीं मिले, 20.25 लाख की संपत्ति जब्त



