रायगढ़। खरसिया पुलिस ने प्राथमिक शाला एवं मिडिल स्कूल हमालपारा में हुई चोरी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गई संपत्ति का हिस्सा बरामद किया है।
आज शासकीय बालक प्राथमिक शाला हमालपारा खरसिया के प्रधान पाठक रिखीराम बिरहे ने चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 25 मई 2026 को विद्यालय के सभी कमरों में ताला बंद किया गया था। दिनांक 05 जून 2026 की सुबह लगभग 9 बजे विद्यालय पहुंचने पर स्कूल के मुख्य ताले टूटे हुए मिले तथा खिडक़ी का एंगल रॉड भी क्षतिग्रस्त पाया गया। जांच करने पर प्राथमिक शाला के कमरों से 8 नग सिलिंग फैन, एक एग्जॉस्ट फैन, एक ब्लूटूथ स्पीकर, 50 किलो चावल तथा मिडिल स्कूल से 8 नग सिलिंग फैन चोरी होना पाया गया। प्रधान पाठक की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश शुरू की गई। विवेचना के दौरान प्राप्त सूचना के आधार पर महेश देवांगन एवं धरमपाल कुर्रे, दोनों निवासी हमालपारा तलाबपार खरसिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों संदेहियों ने दिनांक 02 जून 2026 की रात प्राथमिक शाला एवं मिडिल स्कूल हमालपारा के ताले तोडक़र अंदर प्रवेश करना तथा विद्यालय में लगे सिलिंग फैन चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी महेश देवांगन पिता राजेश देवांगन उम्र 19 वर्ष निवासी हमालपारा तलाबपार खरसिया के कब्जे से एक नग सिलिंग फैन एवं 200 रुपये नगद बरामद किए गए। वहीं आरोपी धरमपाल कुर्रे पिता फागुलाल कुर्रे उम्र 23 वर्ष निवासी हमालपारा तलाबपार खरसिया के कब्जे से एक नग सिलिंग फैन एवं 200 रुपये नगद बरामद कर जब्त किया गया। प्रकरण में एक से अधिक आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल में चोरों का धावा



