बिलासपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने हेतु व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 15 मई से 05 जून 2026 तक चलाए गए ‘विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026’ का समापन समारोह था, जिसके अंतर्गत रेलवे के विभिन्न परिसरों, स्टेशनों एवं कॉलोनियों में पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी अनेक गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
इस अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के मुख्य आतिथ्य में आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ लोको कॉलोनी स्थित नवनिर्मित सामुदायिक भवन ‘रेल संस्कृति निकेतन’ से किया गया। महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने भवन का विधिवत उद्घाटन कर इसे रेल परिवार को समर्पित किया। इसके पश्चात उन्होंने परिसर में पौधारोपण कर वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्यालय सेक्रो अध्यक्षा श्रीमती मीनाक्षी शर्मा, अपर महाप्रबंधक श्री विजय कुमार साहू, मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन सहित मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों तथा विभागाध्यक्षों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। वृक्षारोपण अभियान का दूसरा प्रमुख आयोजन नवीन अधिकारी विश्राम गृह, बिलासपुर के समीप विकसित ‘मधुवन उद्यान’ में किया गया। यहां भी महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने पौधारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके उपरांत उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य सहभागियों ने बड़ी संख्या में पौधे रोपे। इस दौरान लगभग 500 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में स्काउट एवं गाइड, नागरिक सुरक्षा संगठन, सेंट जॉन एम्बुलेंस के स्वयंसेवकों, स्कूली विद्यार्थियों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक संकल्प को मजबूत किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण विषयक विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्कूली बच्चों एवं रेलकर्मियों द्वारा बनाई गई चित्रकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए प्रतिभागियों की रचनात्मकता की सराहना की तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति निरंतर जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। विश्व पर्यावरण दिवस पर महाप्रबंधक कार्यालय में द.पू.म. रेलवे, महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश के द्वारा सभी रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाई गई।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस विशेष अभियान के अंतर्गत बिलासपुर, रायपुर एवं नागपुर रेल मंडलों के विभिन्न कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों तथा प्रमुख स्टेशनों में लगभग 20 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया, जिससे रेलवे परिसर को और अधिक हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। अपने संबोधन में महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने कहा कि जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरणीय चुनौतियों के इस दौर में प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने ऊर्जा संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण तथा सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने जैसी सतत जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 के अंतर्गत 15 मई से 05 जून 2026 तक रेलवे द्वारा अनेक पर्यावरणीय गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। अभियान के दौरान कार्यशालाएं, जन-जागरूकता कार्यक्रम, सोशल मीडिया अभियान, प्लास्टिक संग्रहण अभियान तथा स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं।
स्टेशनों पर स्थापित प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों की कार्यस्थिति एवं रखरखाव की समीक्षा की गई तथा सभी केटरिंग स्टॉलों का विशेष निरीक्षण कर सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया गया। विक्रेताओं को पर्यावरण-अनुकूल सामग्री एवं इको-फ्रेंडली कटलरी के उपयोग हेतु प्रोत्साहित किया गया। यात्रियों को स्वयं की पानी की बोतल उपयोग करने के लिए प्रेरित करने हेतु वाटर रीफिल पॉइंट्स का निरीक्षण किया गया तथा सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से जागरूकता संदेश प्रसारित किए गए।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों, पार्कों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाए गए। सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से ‘गीला कचरा-सूखा कचरा’ पृथक्करण तथा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के महत्व को जन-जन तक पहुंचाया गया। इसके अतिरिक्त स्कूली बच्चों एवं रेल कर्मचारियों के लिए पर्यावरण संरक्षण विषयक ड्राइंग, निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर रेलवे में हुआ वृहद वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने लोको कॉलोनी में नवनिर्मित ‘रेल संस्कृति निकेतन’ का किया शुभारंभ, विश्व पर्यावरण दिवस पर महाप्रबंधक कार्यालय में द.पू.म. रेलवे, महाप्रबंधक के द्वारा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाई गई



