रायगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर निर्माण के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर विनय चौहान ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में कुलपति प्रोफेसर विनय चौहान ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण प्रदूषण तथा प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। वृक्षों के संरक्षण एवं संवर्धन के बिना सतत विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने विद्यार्थियों एवं युवाओं से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता अमित कश्यप के द्वारा भी विश्वविद्यालय परिसर में पौधा रोपण किया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. तरुणधर दीवान ने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि भावी पीढिय़ों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आग्रह किया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी डॉ. रोहिणी आर्या, प्रभारी अधिकारी (स्थापनाध्प्रशासन), डॉ. नीरजा तिवारी सिंह, प्रभारी अधिकारी (अकादमिक), श्री सुनील अग्रवाल (प्रभारी अधिकारी परीक्षा) राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रवीन्द्र कौर चौबे, एवं स्वयंसेवक ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी प्रतिभागियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं जैव विविधता के संवर्धन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने यह संकल्प लिया कि वे न केवल पौधे लगाएंगे बल्कि उनके संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी भी निभाएंगे। विश्वविद्यालय परिसर को हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में यह कार्यक्रम एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के संदेश तथा ‘एक पेड़ माँ के नाम‘ एवं ‘हरित परिसर -स्वच्छ परिसर‘ की भावना को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।
पर्यावरण संरक्षण की जरूरत पहले से कहीं अधिक – प्रो. विनय चौहान
विश्व पर्यावरण दिवस पर शहीद नंदकुमार पटेल विवि. में पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प



