बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा ‘विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026’ (15 मई से 5 जून 2026) के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सतत विकास को प्रोत्साहित करने हेतु विविध जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। इसी क्रम में 31 मई एवं 01 जून 2026 को ‘जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन’ विषयक विशेष अभियान संचालित किया गया। मंडल के सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से रेलवे स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों, कार्यालयों, विद्यालयों तथा अन्य रेलवे परिसरों में जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए व्यापक जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं। अभियान के दौरान पोस्टर, बैनर, जनघोषणाओं तथा प्रत्यक्ष संवाद के माध्यम से यात्रियों, कर्मचारियों एवं आमजनों को जल के संरक्षण, उसके विवेकपूर्ण उपयोग तथा जल अपव्यय रोकने के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
मंडल के रेलवे विद्यालयों में विद्यार्थियों को जल संकट की बढ़ती चुनौतियों, भू-जल स्तर में गिरावट तथा वर्षा जल संचयन के विषय में जानकारी देकर विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में जल बचत के सरल एवं प्रभावी उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के अंतर्गत रेलवे परिसरों में स्थापित वर्षा जल संचयन संरचनाओं, रिचार्ज पिट, रूफटॉप हार्वेस्टिंग सिस्टम एवं जल भंडारण सुविधाओं का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान इन संरचनाओं की कार्यशीलता, रखरखाव एवं परिचालन व्यवस्था की समीक्षा कर उनकी प्रभावी उपयोगिता सुनिश्चित की गई। इसके साथ ही यात्रियों को उपलब्ध कराए जा रहे पानी की शुद्धता भी जाँची गई।
पर्यावरण संरक्षण के साथ ही साथ जल संरक्षण पर भी विशेष ध्यान, बिलासपुर मंडल की अभिनव पहल
रेलवे परिसरों में जल संरक्षण उपायों का निरीक्षण, जल अपव्यय रोकने एवं विवेकपूर्ण उपयोग के लिए किया गया प्रोत्साहित



