रायपुर। शेयर बाजार में ज्यादा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 6 लाख की ठगी की गई। आरोपी महिला ने टेलीग्राम चैनल के जरिए युवक से संपर्क किया और शेयर ट्रेडिंग में अधिक रिटर्न का लालच दिया। इसके बाद उसने धीरे-धीरे युवक से पैसे ट्रांसफर करवा लिए। जब युवक को ठगी का पता चला, तब उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार पीडि़त का नाम गिरधन लाल ओगरे है।
पीडि़त गिरधन लाल ओगरे ने बताया कि वह काम की तलाश कर रहा था। इसी दौरान वह एक टेलीग्राम चैनल से जुड़ा, जहां शेयर ट्रेडिंग और निवेश से कम समय में ज्यादा पैसा कमाने का दावा किया जा रहा था। चैनल से जुडऩे के बाद एक महिला ने उससे संपर्क किया और खुद को शेयर मार्केट की एक्सपर्ट बताया। आरोप है कि महिला ने पहले छोटे निवेश पर अच्छा मुनाफा दिलाकर युवक का भरोसा जीता। इसके बाद उसने युवक को बड़ी रकम निवेश करने के लिए कहा। आरोपी महिला ने अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए और दावा किया कि शेयर ट्रेडिंग के जरिए जल्द ही मोटा रिटर्न मिलेगा।
कुछ समय बाद जब पीडि़त ने अपनी 6 लाख रुपए जमा रकम वापस मांगनी शुरू की, तो आरोपी टालमटोल करने लगी। बाद में महिला और उससे जुड़े लोगों ने संपर्क बंद कर दिया। इसके बाद युवक को ठगी का एहसास हुआ। पीडि़त ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी महिला और उससे जुड़े लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल भी मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया, टेलीग्राम चैनल और ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। लोगों से अपील की गई है कि बिना जांच-पड़ताल किसी भी ऑनलाइन निवेश योजना में पैसा न लगाएं और लालच देने वाले अनजान लोगों से सतर्क रहें।
शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर युवक से ६ लाख की ठगी
टेलीग्राम चैनल से संपर्क कर महिला ने फंसाया



