रायगढ़। पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा और नशीली इंजेक्शन बेचने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई कोतवाली थाना क्षेत्र में की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, बीड़पारा निवासी इरशाद खान अपने घर में बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा है। पुलिस टीम ने घर में दबिश दी। तलाशी के दौरान घर की अलमारी के पास प्लास्टिक पैकेटों में रखा 6.168 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी इरशाद खान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में इरशाद ने बताया कि जोगीडीपा निवासी उसका रिश्तेदार मोहम्मद वसीम गांजा लाकर उसके घर में रखवाता था। इसके बाद पुलिस ने जोगीडीपा में दबिश देकर मोहम्मद वसीम को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में वसीम ने बताया कि, वह पिछले दो साल से गांजा बेचने का काम कर रहा था। उसने खुलासा किया कि सोनकर पारा निवासी सतीश खरीक उर्फ भोलू ओडि़शा से गांजा लाकर उसे 8 हजार रुपए प्रति किलो में सप्लाई करता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, मोबाइल और अन्य सामग्री मिलाकर करीब 84 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।
नशीली इंजेक्शन बेचते 3 सपड़ाए
दूसरे मामले में पुलिस को सूचना मिली कि रामलीला मैदान के पास कुछ युवक नाबालिगों को बुट्रम इंजेक्शन के जरिए नशा करा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने दबिश दी, जहां कुछ युवक भाग निकले। वहीं सूरज पंडित और विमल केरकेट्टा को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान सूरज पंडित के पास से 24 नशीली इंजेक्शन, 2 सिरिंज, 7370 रुपए नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खरसिया निवासी सरोज यादव उर्फ बबलू यादव से इंजेक्शन खरीदकर युवकों को बेचते थे। इसके बाद पुलिस ने सरोज यादव को घड़ी चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



