रायगढ। जोगीडीपा-फौजदार पारा इलाके में प्रस्तावित केनाल लिंक रोड निर्माण को लेकर विवाद शुरू हो गया है। नगर निगम ने पहले चरण में करीब 25 से 30 लोगों को बेदखली नोटिस जारी किया है। इसके बाद बड़ी संख्या में स्थानीय महिला और पुरुष नगर निगम पहुंचकर विरोध जताया और महापौर से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं।
नगर निगम की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि, नजूल भूमि पर बिना अनुमति निर्माण किया गया है, जो नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 293 का उल्लंघन है। नोटिस में प्रभावित लोगों से निर्माण संबंधी अनुमति पत्र प्रस्तुत करने को कहा गया है। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
मेयर जीवर्धन चौहान ने प्रभावित लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि परियोजना में कम से कम परिवार प्रभावित हों, इसका प्रयास किया जाएगा। हर परिवार का बेहतर तरीके से विस्थापन किया जाएगा। महापौर ने प्रगति नगर परियोजना का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां 70 मकान टूटे थे और 120 लोगों को मकान उपलब्ध कराए गए थे। जोगीडीपा क्षेत्र के लोगों ने निगम पहुंचकर सडक़ निर्माण के कारण होने वाले विस्थापन, पुनर्वास और मुआवजे को लेकर चिंता जताई। स्थानीय लोगों का कहना है कि नोटिस में विस्थापन के बाद की व्यवस्था का कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है।
केनाल-लिंक रोड के लिए बेदखली नोटिस पर विरोध, जोगीडीपा के लोग पहुंचे रायगढ़ निगम
महापौर बोले-कम से कम परिवार होंगे प्रभावित



