रायपुर। प्रदेश के बेमेतरा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने पटवारी को 15 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी जमीन के बंटवारे और ऋ ण पुस्तिका बनाने के बदले रिश्वत मांग रहा था। जानकारी के मुताबिक, ग्राम बोड़ निवासी नरोत्तम साहू ने ्रष्टक्च रायपुर से शिकायत की थी कि ग्राम बोड़, तहसील साजा में पदस्थ पटवारी ओमकार सोनवानी उनकी जमीन का बंटवारा और खाता विभाजन करने के एवज में 25 हजार रुपए मांग रहा है। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने एसीबी से संपर्क किया।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पहले पूरे मामले का जांच करवाई। जांच के दौरान यह पुष्टि हुई कि पटवारी वाकई रिश्वत मांग रहा है। इसी दौरान बातचीत में रकम को लेकर मोलभाव हुआ और आरोपी 25 हजार की जगह 15 हजार रुपए लेने पर तैयार हो गया। एसीबी ने ट्रैप की पूरी रणनीति तैयार की। शिकायतकर्ता को कैमिकल लगे नोट दिए गए और टीम को आसपास तैनात कर दिया गया। शिकायतकर्ता पटवारी के पास पहुंचा। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, एसीबी टीम ने मौके पर दबिश दे दी। अचानक टीम को सामने देखकर पटवारी घबरा गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। टीम ने उसके हाथ धुलवाए तो कैमिकल का रंग बदल गया, जिससे यह साबित हो गया कि उसने रिश्वत की रकम ली थी। मौके से रिश्वत के 15 हजार रुपए भी बरामद कर लिए गए। एसीबी अधिकारियों ने आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं एसीबी ने लोगों से अपील की है कि सरकारी काम के बदले कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो इसकी शिकायत तुरंत करें।
15 हजार रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार
जमीन बंटवारे और ऋण पुस्तिका बनाने के बदले मांगे थे 25 हजार



