बिलासपुर। गर्मी के मौसम में आगजनी की संभावित घटनाओं की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्री ट्रेनों, स्टेशनों तथा यार्डों में विशेष फायर सेफ्टी ड्राइव चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत यात्री गाडिय़ों, यार्डों में खड़ी स्टेबल रैक/कोचों तथा रेलवे परिसरों में व्यापक स्तर पर सघन जांच एवं निगरानी की जा रही है। अभियान के अंतर्गत पेन्ट्रीकार, स्टेबल रैक, पार्सल कार्यालयों एवं स्टेशन पार्किंग क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तीनों मंडलों में रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों एवं बल सदस्यों द्वारा नियमित जांच की जा रही है तथा यात्रियों को भी फायर सेफ्टी के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
मंडल एवं जोनल मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भी विभिन्न स्टेशनों एवं यार्डों का निरीक्षण कर स्टेबल रैक तथा यार्ड से प्लेटफार्म तक आने वाली ट्रेनों की गहन जांच की जा रही है। इस दौरान फायर सेफ्टी से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार की आगजनी की घटना को रोका जा सके।
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के दौरान ट्रेनों में गैस सिलेंडर, इलेक्ट्रिक हीटर एवं अन्य ज्वलनशील पदार्थों के अवैध परिवहन के मामलों में अब तक 23 व्यक्तियों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है, जिनमें 9 पेन्ट्रीकार मैनेजर/स्टाफ भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त ट्रेनों में धूम्रपान करने वाले 1,099 व्यक्तियों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर फायर सेफ्टी सुनिश्चित करने हेतु सभी आवश्यक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की ज्वलनशील सामग्री साथ लेकर यात्रा न करें तथा रेलवे परिसर एवं ट्रेनों में धूम्रपान से बचें, जिससे सुरक्षित एवं संरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित की जा सके।
रेलवे सुरक्षा बल, द्वारा फायर सेफ्टी ड्राइव
ट्रेनों, स्टेशनों एवं यार्डों में विशेष निगरानी, ज्वलनशील सामग्री एवं धूम्रपान पर सख्त कार्रवाई



