रायगढ़/पटेलपाली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संघ शिक्षा वर्ग 2026 के बीच वैदिक इंटरनेशनल स्कूल, पटेलपाली में संस्कृति का रंग भी चढ़ा। सोमवार को ‘संस्कार भारती’ की अखिल भारतीय चित्रकला प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ हुआ, जहां 89 कलाकारों की तूलिका से ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ कैनवास पर जीवंत हो उठा। माँ शारदा के जयघोष से आयोज का आगाज हुआ। प्रदर्शनी का उद्घाटन संघ के वरिष्ठ अधिकारियों व संस्कार भारती पदाधिकारियों ने माँ शारदा एवं भारत माता के तैलचित्र पर पुष्प अर्पण, तिलक-चंदन और दीप प्रज्वलन के साथ किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वर्ग के सर्वाधिकारी संजय जी, वर्ग कार्यवाह दिलेश्वर जी, क्षेत्रीय अधिकारी विश्वजीत जी, लोमस राम जी, प्रांतीय नेतृत्व तथा संस्कार भारती रायगढ़ जिला संयोजक मनोज श्रीवास्तव की मौजूदगी ने आयोजन को गरिमा दी। 89 चित्रों की कला के जरिए राष्ट्र-जागरण का संदेश देने का प्रयास किया गया है। प्रदर्शनी में कश्मीर से कन्याकुमारी तक के 89 कलाकारों की कृतियां सजी हैं। रामायण के प्रसंग, लोक-संस्कृति, जनजातीय जीवन, स्वतंत्रता संग्राम के नायक, योग, प्रकृति और ‘विकसित भारत’ के स्वप्न—हर चित्र राष्ट्रवाद और सामाजिक चेतना की कहानी कहता है। आयोजन में आए वरिष्ठ जनों ने एक-एक चित्र को गहराई से देखकर कलाकारों की साधना को नमन किया।
23 मई तक ‘कला-तीर्थ’ बनेगा वैदिक स्कूल
संस्कार भारती ने बताया कि यह प्रदर्शनी 23 मई तक सुबह 10 से शाम 6 बजे तक निशुल्क खुली रहेगी। संघ परिवार ने नगर के प्रबुद्धजन, युवा, विद्यार्थी और मातृशक्ति से आह्वान किया है कि परिवार सहित आएं, बच्चों को भारतीय कला-दृष्टि से जोड़ें और कलाकारों का मनोबल बढ़ाएं। 19 मई से 23 मई तक संस्कार भारती के तत्वाधान में तृतीय तल, वैदिक इंटरनेशनल स्कूल, पटेलपाली, रायगढ़ में देशभर के 89 कलाकारों की राष्ट्र-संस्कृति केंद्रित कृतियां मौजूद रहेगी 16 मई से शुरू हुआ संघ शिक्षा वर्ग 1 जून तक चलेगा, जिसमें बौद्धिक सत्रों के साथ यह चित्रकला प्रदर्शनी सांस्कृतिक चेतना का नया अध्याय जोड़ रही है।
पटेलपाली में सजा ‘राष्ट्र-रंग’ का कैनवास
संस्कार भारती की अ. भा. चित्रकला प्रदर्शनी में 89 कलाकारों ने उकेरा भारत का गौरव



