रायगढ़। खरसिया थाना क्षेत्र में सोनबरसा मोड़ के पास एक सडक़ हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायगढ़ रेफर कर दिया गया। मामले में पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बसनाझर निवासी मालती राठिया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा गुलशन राठिया अपने साथी संजु राठिया और लवकुमार श्रीवास के साथ 06 मई 2026 को दोपहर लगभग 1 बजे किसी काम से खरसिया जाने के लिए घर से निकले थे। तीनों पल्सर बाइक क्रमांक सीजी 13 बीसी 4259 पर सवार थे। बाइक को लवकुमार श्रीवास चला रहा था।
शाम करीब 5.30 बजे गुलशन राठिया के मोबाइल से फोन आया, जिसमें बताया गया कि सोनबरसा मोड़ के पास उनका एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलते ही परिजन और पड़ोसी विश्वकर्मा यादव मौके के लिए रवाना हुए। घटनास्थल पर पहुंचने पर देखा गया कि तीनों युवक घायल अवस्था में पड़े थे और उन्हें सिर, हाथ, पैर, कमर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई थीं।
परिजनों का आरोप है कि यह दुर्घटना अर्टिगा कार क्रमांक ष्टत्र 04 क्तष्ठ 3565 के चालक द्वारा तेज और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने के कारण हुई, जिससे कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को डायल 112 के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरसिया पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए तीनों को रायगढ़ रेफर कर दिया। मामले में मालती राठिया की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 125(ए) बीएनएस और 281 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आगे की जांच में जुट गई है।
आर्टिगा की जबरदस्त ठोकर से पल्सर सवार तीन युवक घायल, खरसिया के सोनबरसा मोड़ पर हुआ हादसा



