सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के कृषि विभाग दफ्तर में अधिकारी ने डॉक्यूमेंट की फोटो खींचने पर पत्रकार की पिटाई कर दी। बचाने आए वकील से भी मारपीट की। घटना का सीसीटीव्ही फुटेज सामने आया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पीडि़तों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है दफ्तर पहुंचे पत्रकार ने किसान सम्मान निधि की राशि से संबंधित समस्या की जानकारी मांगी थी। जानकारी नहीं देने पर उच्च अधिकारियों से शिकायत की बात कही थी। इसी बात से उक्त अधिकारी भडक़ गए और मारपीट शुरू कर दी। पीडि़त ने कार्रवाई की मांग की है।
16 अप्रैल को वकील जनक बरेठ अपनी माता की किसान सम्मान निधि की राशि से संबंधित समस्या के समाधान के लिए आवेदन देने कृषि कार्यालय पहुंचे थे। उनके साथ पत्रकार पोषराम साहू भी गए हुए थे। दोनों ने पहले जिला कृषि अधिकारी आशुतोष श्रीवास्तव से मुलाकात की, जिन्होंने उन्हें संबंधित कर्मचारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (आरईओ) के पास भेजा। पत्रकार ने आरईओ से किसान सम्मान निधि की राशि की जानकारी मांगी थी और उच्च अधिकारियों से शिकायत कर देने की बात कही थी। इसी बात पर आरईओ भडक़ गए। उन्होंने पत्रकार का कॉलर पकडक़र मुक्के से कई बार मारा। वकील से भी मारपीट की। घटना के दौरान जिला कृषि अधिकारी मौके पर थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पीडि़त पत्रकार और वकील ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कृषि अधिकारी ने पत्रकार और वकील से की मारपीट, वायरल हो रहा वीडियो



