जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 17 अप्रैल को जशपुर का दौरा करेंगे। वे यहां रणजीता स्टेडियम में आयोजित प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान राज्य में स्वीकृत नई सडक़ों का भूमिपूजन और अलग-अलग विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। अपने प्रवास के दौरान, मुख्यमंत्री बुजुर्गों के लिए नवनिर्मित डे-केयर यूनिट ‘सियान गुड़ी’ का भी शुभारंभ करेंगे। जिला प्रशासन ने इस कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी लाल उमेद सिंह ने रणजीता स्टेडियम पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को पीएमजीएसवाई के राज्य स्तरीय कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और सुचारु रूप से सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।



